मासूम शर्मा का विवादित बयान, सरपंच-MLA को नहीं मानने की कही बात

जींद में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान से हंगामा हो गया। पूर्व सरपंच को स्टेज से उतरने को कहने और सरपंच-MLA को नहीं मानने की बात पर विवाद बढ़ा, बाद में माफी के बाद मामला शांत हुआ।

मासूम शर्मा का विवादित बयान, सरपंच-MLA को नहीं मानने की कही बात

मासूम शर्मा का जींद में विवादित बयान
स्टेज से सरपंच-MLA और मंत्री को नहीं मानने की बात कही
हंगामे के बाद शो एक घंटे में बंद, माफी के बाद मामला शांत


हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। जींद में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्टेज से ऐसा बयान दे दिया, जिसने पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल दिया। मासूम शर्मा ने लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कहा कि उनके गाने के बीच में कोई सरपंच, कोई MLA या कोई मंत्री हो, वह किसी को कुछ नहीं मानते। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी कार्यक्रम देखना चाहता है, वह नीचे बैठकर देखे। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक व सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।

स्टेज पर गाना गाने से पहले युवाओं को नीचे उतरने को टोकते हुए सिंगर मासूम शर्मा।

यह कार्यक्रम जींद के सफीदो रोड स्थित दीप पैलेस में आयोजित किया गया था। आयोजन यूट्यूबर धरमू ने अपनी पत्नी कविता शर्मा की 25वीं सालगिरह के अवसर पर रखा था। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और गांव मुआना के कई लोग शामिल हुए थे। बताया गया कि करीब 400 मेहमान कार्यक्रम में मौजूद थे और रात लगभग साढ़े 11 बजे यह घटना हुई।

मामला तब बिगड़ा जब पहले से स्टेज पर बैठे गांव मुआना के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा और कुछ युवाओं को मासूम शर्मा ने नीचे उतरने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने स्टेज खाली करने को कहा, किसी युवक ने उन्हें बताया कि स्टेज पर गांव के पूर्व सरपंच मौजूद हैं। इसी दौरान मासूम ने कथित तौर पर कहा कि वह किसी सरपंच, MLA या मंत्री को नहीं मानते। यह बात वहां मौजूद युवाओं को नागवार गुजरी। देखते ही देखते बाउंसरों और युवाओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

परफॉर्मेंस के दौरान हंगामा होने पर अपने साथियों को स्टेज के नीचे भेजते हुए कलाकार मासूम शर्मा।

हंगामे के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा केवल एक ही गाना गा पाए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति को संभालने के लिए उनके भाई विकास शर्मा और बहनोई धरमू को आगे आना पड़ा। पूर्व सरपंच के अनुसार, बाद में माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। उन्होंने कहा कि यह पारिवारिक कार्यक्रम था और बोलने का तरीका संतुलित होना चाहिए था क्योंकि हर व्यक्ति सम्मान चाहता है।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब मासूम शर्मा विवादों में आए हों। इससे पहले हिसार में एक शो के दौरान एक समर्थक द्वारा सेल्फी लेने की कोशिश पर उनका फोन छीनकर नीचे फेंकने का मामला भी सामने आया था, जिसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। ऐसे में जींद की यह घटना उनके सार्वजनिक व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।