लॉरेंस गैंग की लेडी डॉन ‘मैडम जहर’ अरेस्ट, बॉयफ्रेंड ‘कबूतर’ भी दबोचा; मूसेवाला हत्याकांड से कनेक्शन

गुरुग्राम बॉर्डर से दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस गैंग से जुड़े बॉबी कबूतर और ‘मैडम जहर’ को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और ड्रग्स-आर्म्स नेटवर्क से जुड़ाव के आरोप हैं।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गुरुग्राम बॉर्डर से चार आरोपियों को पकड़ा
‘मैडम जहर’ उर्फ खुशनुमा अंसारी ड्रग्स व गैंग ऑपरेशन में शामिल
सिद्धू मूसेवाला केस और दिशा पाटनी फायरिंग कनेक्शन की जांच तेज

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुग्राम से सटे महिपालपुर इलाके से गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी ‘कबूतर’ और उसकी गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा उर्फ ‘मैडम जहर’ को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हाशिम बाबा नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इनके साथ दो अन्य सहयोगी मोहम्मद राजी खान और शाहबाज को भी हिरासत में लिया गया है।

स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने लंबे समय तक सर्विलांस के बाद एसयूवी कार में जा रहे इन चारों को दबोचा। पुलिस के मुताबिक, बॉबी कबूतर पर आरोप है कि उसने 29 मई 2022 को हुई सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले उनके रूट और मूवमेंट की रेकी कर जानकारी मुख्य हमलावरों तक पहुंचाई थी। मूसेवाला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था।

दिशा पाटनी फायरिंग केस से भी जुड़ा नाम

जांच एजेंसियों के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग मामले में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई में भी बॉबी कबूतर का नाम सामने आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किसके निर्देश पर शूटर्स को हथियार उपलब्ध कराए थे।

कौन है बॉबी ‘कबूतर’

महफूज उर्फ बॉबी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चौहान बंगर इलाके का रहने वाला है। घर की छत पर कबूतर पालने के कारण स्थानीय लोगों ने उसे ‘बॉबी कबूतर’ कहना शुरू किया और यही नाम पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। वह करीब एक दशक से वांछित सूची में था। मूसेवाला हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद वह अंडरग्राउंड हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।

दिल्ली के सीलमपुर डबल मर्डर और ग्रेटर कैलाश जिम के बाहर नादिर शाह मर्डर केस में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक वह नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए काम करता था, जो आगे चलकर लॉरेंस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

कौन है ‘मैडम जहर’

खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा, उम्र 32 वर्ष, दिल्ली में ‘मेकओवर नेहा’ नाम से ब्यूटी पार्लर चलाती थी। पुलिस के अनुसार पार्लर की आड़ में वह गैंग के ऑपरेशन और ड्रग्स कनेक्शन को संभालती थी। गैंग में उसके तेवरों और कथित भूमिका के चलते उसे ‘मैडम जहर’ कहा जाता था।

पुलिस ने उसके कब्जे से ड्रग्स बरामद किए हैं और उससे लॉरेंस व हाशिम बाबा नेटवर्क के बीच ड्रग्स व आर्म्स लिंक के बारे में पूछताछ जारी है। सोशल मीडिया पर भी वह सक्रिय थी और उसके हजारों फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

महिला नेटवर्क की बढ़ती भूमिका

जांच एजेंसियों का मानना है कि हाल के वर्षों में गैंग नेटवर्क में महिलाओं की भूमिका बढ़ी है। ‘मैडम जहर’ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि गैंग के फाइनेंशियल, ड्रग्स और हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।

फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य राज्यों में संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।