हरियाणा में फैले बड़े ड्रग नेटवर्क पर गुरूग्राम एसटीएफ का प्रहार, भिवानी में 35 करोड़ की हेरोईन बरामद, किंगपिन पुलिस की गिरफ्त में
भिवानी में गुरुग्राम STF ने 35 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की। आरोपी रोहित ने पूछताछ में 20 किलो हेरोइन पहले बेचने की बात कबूली है
भिवानी में गुरुग्राम STF ने 35 करोड़ की हेरोइन बरामद की
आरोपी रोहित के हरियाणाभर में फैले ड्रग नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने 20 किलो हेरोइन पहले बेचने की बात कबूली
हरियाणा के भिवानी में गुरुग्राम STF ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन मिलने से हरियाणा में सक्रिय बड़े ड्रग नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि भिवानी में भारी मात्रा में नशा सप्लाई किया जाना है। सूचना मिलते ही गुरुग्राम STF की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 8 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है। आरोपी हिसार जिले के पिरावाली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं उसका ठिकाना भिवानी की इंद्री कॉलोनी क्षेत्र में भी सामने आया है।
पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने कबूल किया है कि वह पहले ही करीब 20 किलो हेरोइन अलग-अलग इलाकों में सप्लाई कर चुका है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि यह कोई छोटा गिरोह नहीं, बल्कि हरियाणा में फैला बड़ा ड्रग नेटवर्क हो सकता है।
एसटीएफ अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क के तार कई जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब आरोपी के संपर्कों, सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
फिलहाल आरोपी रोहित को भिवानी अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी का रिमांड हासिल कर पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश करेगी। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी ने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। लगातार बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी गंभीर चिंता जताई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हरियाणा में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत समाज के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के लिए इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
pooja