बेकाबू ट्रक ने 10 गायों को कु*चला, 6 की मौ*त, गुस्साए लोगों ने ट्रक में लगाई आग
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने 10 गायों को कुचल दिया, जिसमें 6 की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार ट्रक ने 10 गायों को कुचला, 6 की मौके पर मौत
गुस्साए लोगों ने ट्रक में लगाई आग, चालक पुलिस के हवाले
4 घायल गायों का इलाज जारी, पुलिस ने शुरू की जांच
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बुधवार रात दर्दनाक हादसा सामने आया। बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। हादसे में 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी गाय सड़क के एक किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान तेज गति से आया ट्रक सीधे उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल गायें सड़क पर तड़पती रहीं और स्थानीय लोग उन्हें बचाने में जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गोरक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए। हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलने पर ओल्ड थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। उस समय छह गायों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल थीं। घायल गायों को उपचार के लिए नजदीकी गोशालाओं में भेजा गया, जबकि मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उन्हें आशंका है कि चालक नशे की हालत में भी हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे बैठी गाय दिखाई नहीं दीं, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में चालक की लापरवाही, नशे में वाहन चलाने या अन्य किसी प्रकार की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
pooja