हरियाणा में बारिश का कहर,4 जिलों में बारिश, 10 में अलर्ट, गुरुग्राम में WFH एडवाइजरी
हरियाणा के कई जिलों में बारिश और जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम एडवाइजरी जारी की गई, जबकि मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा के 4 जिलों में बारिश, 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
गुरुग्राम में जलभराव के बीच वर्क फ्रॉम होम एडवाइजरी जारी
रेवाड़ी में मकान गिरा, यमुनानगर में तटबंध टूटा, फसलें जलमग्न
हरियाणा में गुरुवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी समेत चार जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे अधिक परेशानी हिसार और गुरुग्राम के लोगों को उठानी पड़ी, जहां सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।
भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने संस्थानों से अपील की है कि अधिक से अधिक कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दी जाए, ताकि सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो और लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने प्रदेश के फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रेवाड़ी के कुहाड़ गांव में लगातार बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद ओमप्रकाश की पुत्रवधू और उनका 7 वर्षीय पोता मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा। बच्चे को मामूली चोटें आई हैं, जबकि महिला को अधिक चोट लगी है।
उधर यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी आसपास के खेतों में फैल गया। इससे तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। अधिकारियों के अनुसार नदी में इस समय करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। हथिनीकुंड बैराज पर पानी का प्रवाह बढ़ने के बाद 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों पर निगरानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम है।
रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। नारनौल और भिवानी में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रोहतक में सबसे अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
pooja