किचन का यह मसाला बचा सकता है बीमारियों पर बड़ा खर्च
लहसुन को प्राकृतिक औषधि माना जाता है। यह हार्ट हेल्थ, इम्युनिटी और ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार हो सकता है, लेकिन संतुलित मात्रा में सेवन जरूरी है।
लहसुन को विशेषज्ञों ने बताया प्राकृतिक औषधि
हार्ट, शुगर और इम्युनिटी के लिए फायदेमंद माना जाता है लहसुन
ज्यादा सेवन से हो सकते हैं नुकसान, संतुलित मात्रा जरूरी
भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाला लहसुन सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला मसाला नहीं, बल्कि कई औषधीय गुणों से भरपूर प्राकृतिक खाद्य पदार्थ भी माना जाता है। आयुर्वेद से लेकर आधुनिक मेडिकल साइंस तक में इसके फायदों का जिक्र किया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार लहसुन में मौजूद एलिसिन कंपाउंड इसे बेहद प्रभावशाली बनाता है। इसके अलावा इसमें विटामिन-सी, विटामिन-बी6, मैंगनीज, सेलेनियम और कई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद कर सकते हैं।
आहार विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह खाली पेट सीमित मात्रा में कच्चा लहसुन खाने की आदत शरीर को कई फायदे दे सकती है। नियमित सेवन से इम्युनिटी मजबूत करने, ब्लड प्रेशर कंट्रोल रखने और कोलेस्ट्रॉल को संतुलित करने में मदद मिल सकती है।
डायटीशियन गरिमा सिंह के मुताबिक लहसुन दिल की सेहत के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। कई अध्ययनों में पाया गया है कि यह बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में सहायक हो सकता है। इससे हृदय रोगों का खतरा कम करने में मदद मिलती है
विशेषज्ञों के अनुसार लहसुन ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में भी सहायक माना जाता है। इसमें मौजूद सक्रिय तत्व इंसुलिन संवेदनशीलता बेहतर करने में मदद कर सकते हैं। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि इसे डायबिटीज की दवा का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए
लहसुन को प्राकृतिक इम्युनिटी बूस्टर भी कहा जाता है। इसमें मौजूद सल्फर कंपाउंड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद कर सकते हैं। अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि लहसुन का सेवन सर्दी-जुकाम और संक्रमण के खतरे को कम करने में सहायक हो सकता है।
हालांकि विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि अधिक मात्रा में लहसुन खाने से पेट में जलन, गैस और खून पतला होने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए इसका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।
नोट: यह जानकारी विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
pooja