हरियाणा में ब्लैक थार से खतरनाक स्टंट, 26 हजार का चालान
गुरुग्राम के सेक्टर-60 में ब्लैक थार चालक ने चलती गाड़ी में खतरनाक स्टंट किए। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने 26,500 रुपए का चालान काटा।
गुरुग्राम में ब्लैक थार से युवक ने बीच सड़क किए खतरनाक स्टंट
चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर निकाला पैर, वीडियो वायरल
ट्रैफिक पुलिस ने 26,500 रुपए का चालान काटा, कार्रवाई शुरू
गुरुग्राम में सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर भारी पड़ती नजर आई। शहर के सेक्टर-60 इलाके में एक युवक ने ब्लैक रंग की महिंद्रा थार से बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक तेज रफ्तार से थार चला रहा है। स्टंट के दौरान उसने चलती गाड़ी का दरवाजा खोल दिया और एक पैर फुटरेस्ट पर तथा दूसरा खुले दरवाजे पर रखकर वाहन चलाने लगा। सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार यह घटना सेक्टर-60 स्थित लैमन ट्री होटल के सामने की मुख्य सड़क पर हुई। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वाहन में तेज आवाज में संगीत बज रहा था और चालक गाड़ी को जिगजैग तरीके से दौड़ा रहा था। इतना ही नहीं, उसने सीट बेल्ट भी नहीं लगा रखी थी।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने गुरुग्राम पुलिस को टैग कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि कुछ लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए सड़क पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो की जांच की। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर HR98F3800 के आधार पर चालक की पहचान की गई और नियमों के उल्लंघन पर 26,500 रुपए का चालान जारी किया गया।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार चालक के खिलाफ खतरनाक ड्राइविंग, ब्लैक फिल्म का उपयोग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, प्रदूषण मानकों का उल्लंघन और सीट बेल्ट न लगाने जैसी कई धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
pooja