गुरुग्राम कोर्ट परिसर में लगी आग, रिकॉर्ड रूम में मचा हड़कंप

गुरुग्राम कोर्ट परिसर के रिकॉर्ड रूम में रविवार को आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। कई रिकॉर्ड जलने की आशंका जताई जा रही है।

गुरुग्राम कोर्ट परिसर में लगी आग, रिकॉर्ड रूम में मचा हड़कंप

गुरुग्राम कोर्ट परिसर के रिकॉर्ड रूम में लगी आग

फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू

शॉर्ट सर्किट की आशंका, कई रिकॉर्ड जलने की सूचना

हरियाणा के गुरुग्राम कोर्ट परिसर में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में लगी, जहां से धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण कोर्ट परिसर में स्टाफ मौजूद नहीं था। इसी वजह से समय रहते आग पर नजर नहीं पड़ सकी। हालांकि वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने रिकॉर्ड रूम से धुआं निकलता देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड व चौकीदार को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए कर्मचारियों को खिड़कियां काटनी पड़ीं, ताकि अंदर तक पहुंचा जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में कोर्ट का काफी रिकॉर्ड जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितना रिकॉर्ड पूरी तरह नष्ट हुआ और कितना सुरक्षित बचाया जा सका।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने के बाद सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा।

घटना के बाद कोर्ट परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।