गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर ने थाने के बाहर दी जान, VIDEO में बताई पूरी कहानी

गुरुग्राम में लिव-इन रिलेशनशिप विवाद के बाद युवक ने थाने के बाहर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले बनाए वीडियो में उसने गर्लफ्रेंड पर धोखे के आरोप लगाए।

गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर ने थाने के बाहर दी जान, VIDEO में बताई पूरी कहानी

3 साल के रिलेशन के बाद विवाद, लिव-इन पार्टनर ने उठाया खौफनाक कदम
गर्लफ्रेंड के दूसरे रिश्ते का खुलासा, थाने के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़का
मरने से पहले VIDEO में बोला- हर खर्च उठाया, फिर भी मिला धोखा


हरियाणा के गुरुग्राम में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने विवाद के बाद थाने के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर जान दे दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

मृतक की पहचान अंकित यादव (24) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का रहने वाला था और गुरुग्राम में टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करता था।

परिवार के अनुसार, अंकित पिछले 3 साल से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रिलेशनशिप में था और दोनों लिव-इन में रह रहे थे। युवती भी फतेहपुर की ही रहने वाली थी और गुरुग्राम में नौकरी कर रही थी।

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले युवती ने अचानक अलग कमरा किराए पर ले लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। करीब 20 दिन पहले अंकित को पता चला कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी उम्र में बड़े व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में है। इसी बात को लेकर तनाव और बढ़ गया।

15 अप्रैल को अंकित गुरुग्राम पहुंचा और गर्लफ्रेंड को अपने साथ चंडीगढ़ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद अंकित ने उसका सामान अपनी कार में रख लिया। इस पर युवती ने पुलिस को कॉल कर दिया और चोरी का आरोप लगाया

पुलिस दोनों को सेक्टर-40 थाने लेकर आई। इसी दौरान अंकित ने बाहर ही खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। गंभीर हालत में उसे दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया, जहां 16 अप्रैल की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई

घटना से पहले अंकित ने एक आखिरी वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी बहन को भेजा था। वीडियो में उसने कहा कि उसने 3 साल तक गर्लफ्रेंड का हर खर्च उठाया, लेकिन उसे धोखा मिला। उसने यह भी कहा कि उसे फंसाया जा रहा है और वह अब जीना नहीं चाहता।

परिवार ने बताया कि अंकित ने घटना से पहले अपनी बहन दीपा यादव को कई ऑडियो-वीडियो भी भेजे थे। बहन ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद पुलिस ने सूचना दी कि अंकित ने खुद को आग लगा ली है।

17 अप्रैल को AIIMS में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अब मृतक की बहन ने सेक्टर-40 थाना पुलिस में शिकायत देकर युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने पुलिस से सभी CCTV फुटेज और ऑडियो-वीडियो की जांच कराने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी को नामजद नहीं किया है और मामले की जांच जारी है।