गवर्नमेंट कॉलेज जींद ने जीता हैंडबॉल इंटर कॉलेज टूर्नामेंट, नरवाना रही उपविजेता

एलएनटी महाविद्यालय समालखा में आयोजित इंटर कॉलेज हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में गवर्नमेंट कॉलेज जींद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केएमजीसी नरवाना द्वितीय और सीआरएसयू की टीम तृतीय रही। विजेताओं को मुख्य अतिथि मीनाक्षी गुप्ता ने सम्मानित किया।

गवर्नमेंट कॉलेज जींद ने जीता हैंडबॉल इंटर कॉलेज टूर्नामेंट, नरवाना रही उपविजेता

इंटर कॉलेज हैंडबॉल प्रतियोगिता का फाइनल — गवर्नमेंट कॉलेज जींद ने जीता खिताब
केएमजीसी नरवाना रही द्वितीय और सीआरएसयू टीम ने प्राप्त किया तृतीय स्थान
एलएनटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, समालखा में प्रतियोगिता संपन्न; खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

समालखा (अशोक शर्मा)


एलएनटी महाविद्यालय, समालखा में आयोजित इंटर कॉलेज स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। फाइनल में गवर्नमेंट कॉलेज जींद और केएमजीसी नरवाना के बीच रोमांचक टक्कर हुई। इस मुकाबले में गवर्नमेंट कॉलेज जींद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि केएमजीसी नरवाना को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन के बाद ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया गया। चयन प्रक्रिया में उन्हीं खिलाड़ियों को अवसर दिया गया जिन्होंने टूर्नामेंट में बेहतर खेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने पूरे उत्साह से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई।

कार्यक्रम में एलएनटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की चेयरपर्सन मीनाक्षी गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव डॉ. नरेश देशवाल ने विशेष अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता संचालन में डॉ. कृष्ण शौकंद, डॉ. अतुल सहाराण, डॉ. सुरेंद्र एवं रेफरी चिराग ढांडा की अहम भूमिका रही। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लोकेश कुमार शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मैनेजर सत्यनारायण, प्रो. राजेश भारद्वाज, डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. दर्शन धीमान, डॉ. सुदेश रानी, डॉ. मनीषा, सोनिया बंसल, प्रदीप कुमार, वरुण तिवारी, कमल शर्मा, गोविंद कुमार चौधरी आदि उपस्थित रहे।