हरियाणा में KFC को उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
हांसी में KFC को उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। कॉल सोनीपत लोकेशन से ट्रेस हुई, नंबर बरवाला आईडी पर रजिस्टर्ड। साइबर सेल जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाई गई।
• KFC को उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
• कॉलर की लोकेशन सोनीपत, आईडी बरवाला की बताई गई
• साइबर सेल एक्टिव, सभी KFC ब्रांच पर सतर्कता बढ़ी
हिसार जिले के हांसी में रामायण टोल प्लाजा के पास स्थित KFC रेस्टोरेंट को उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस मुख्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर यह धमकी दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि धमकी देने वाले की लोकेशन सोनीपत क्षेत्र की है, जबकि जिस मोबाइल आईडी पर नंबर रजिस्टर्ड है वह बरवाला इलाके का है।
हांसी SP अमित यशवर्धन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट किया जा रहा है कि धमकी किस KFC रेस्टोरेंट को लेकर दी गई है। SP ने कहा कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है, लेकिन पुलिस किसी भी स्थिति को हल्के में नहीं ले रही है और पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
हिसार में KFC रेस्टोरेंट हांसी के पास दिल्ली हाईवे पर स्थित है। धमकी की सूचना मिलने के बाद KFC मैनेजर अशोक से पुलिस ने संपर्क किया। मैनेजर ने बताया कि उन्हें ऐसा कोई फोन नहीं आया है, लेकिन पुलिस ने उन्हें सूचित किया कि जांच जारी है और कॉल फेक भी हो सकती है।
KFC के पास हिसार कैंट स्थित है, जिसकी दूरी करीब 7.5 किमी है। यह इलाका वीकेंड पर भीड़भाड़ वाला रहता है। KFC में कुल 6 कर्मचारी तैनात हैं। मैनेजर सफीदों (जींद) के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस यह कंफर्म करने में लगी है कि धमकी इसी KFC पर दी गई है या हरियाणा के किसी अन्य KFC ब्रांच पर।
धमकी मिलते ही स्थानीय पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट और नजदीकी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। साइबर सेल कॉल की तकनीकी जांच कर कॉलर की सही पहचान व लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Author1