बीजेपी के कार्यक्रम में हुआ कांग्रेसियों का सम्मान, मंडल अध्यक्ष मीटिंग छोड़ कर निकले
हरियाणा के रोहतक में भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक में मान-सम्मान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मंडल अध्यक्षों ने मंच पर कांग्रेस के लोगों को बैठाने और उन्हें बोलने का मौका देने का आरोप लगाया।
➤ भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक में मान-सम्मान को लेकर विवाद
➤ कुछ मंडल अध्यक्ष आरोप लगाकर बैठक छोड़कर चले गए
➤ प्रदेशाध्यक्ष व मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही गई
हरियाणा के रोहतक में भाजपा मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पार्टी के भीतर विवाद खड़ा हो गया। बैठक में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम का निमंत्रण देने पहुंचे थे। बैठक के दौरान महम विधानसभा के गांव लाखनमाजरा, सैमाण और मोखरा मंडल अध्यक्षों ने उचित सम्मान न मिलने का आरोप लगाया।
मंडल अध्यक्षों ने यह आरोप लगाया कि मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं के बजाय कांग्रेस के लोग बैठाए गए और माइक पर उन्हें बोलने का मौका दिया गया। सैमाण मंडल अध्यक्ष मनोज पहलवान ने बताया कि वे पार्टी से 2004 से जुड़े हैं और मेहनत के बाद मंडल अध्यक्ष बने। लेकिन इस बार उनकी बात न सुनी गई और उन्हें सबसे पीछे की कुर्सी दी गई। इसी कारण उन्होंने अन्य साथियों के साथ बैठक छोड़ दी।
मोखरा मंडल अध्यक्ष मुकेश ने बताया कि उन्होंने भाजपा के लिए कई पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने साफ कहा कि केवल मान-सम्मान की लड़ाई के लिए विरोध कर रहे हैं। संदीप नैन ने कहा कि मंडल अध्यक्षों को उनके दायित्व के अनुसार सम्मान नहीं मिला। लाखनमाजरा मंडल अध्यक्ष अमित चौहान ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय पार्टी के साथ न रहने वाले लोग अब माइक पर बोल रहे हैं, जबकि कर्मठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।
वहीं भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि बैठक में सभी कार्यकर्ता भाजपा के ही थे और कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि कोई बाहर गया तो उसके पीछे कोई व्यक्तिगत कारण होगा।
इस पूरे विवाद को लेकर मंडल अध्यक्षों ने प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिकायत करने की बात कही है।