हरियाणा में सड़क हादसे: बस दुर्घटनाग्रस्त दो की मौत, 25 से अध्रिक घायल
जींद–गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर ने मां-बेटे को कुचल दिया। शादी में जा रहा परिवार हादसे का शिकार बना। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू की।
-
-
ग्रीनफील्ड हाईवे पर मां-बेटे की मौत, कैंटर चालक फरार
-
आसौदा मोड़ पर प्राइवेट बस पलटी, 25 से अधिक यात्री घायल
-
दोनों स्थानों पर लापरवाह ड्राइविंग बनी हादसों की बड़ी वजह
हरियाणा में रविवार का दिन दो बड़े सड़क हादसों मां बेटे की मौत हो गई है। जबकि 25 से अधिक घायल हैं। पहला हादसा जींद–गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे पर हुआ, जबकि दूसरा हादसा बहादुरगढ़ के आसौदा मोड़ पर शाम को हुआ। दोनों ही घटनाओं में लापरवाह रफ्तार और चालक की गलती ने कई जिंदगियों को खतरे में डाल दिया।पहला हादसा – ग्रीनफील्ड हाईवे पर मां-बेटे की मौत
रविवार तड़के जींद–गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ने मां और बेटे को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।घटना तब हुई जब गांव बुढ़ा खेड़ा निवासी पंकज अपने परिवार के साथ यूपी के मैनपुरी में शादी समारोह में जा रहा था। सुबह करीब तीन बजे गाड़ी गंगाना गांव के पास पहुंचते ही नीतू का बेटा परमजीत उल्टी के कारण कार से उतरा। नीतू उसे सड़क किनारे लेकर गई। जैसे ही दोनों कार में चढ़ने लगे, कैंटर सीधे उन पर चढ़ गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीतू और परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। कार में बैठे अन्य परिजन बाल-बाल बच गए। एंबुलेंस से दोनों को खानपुर कलां के भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बरोदा थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि नीतू कुछ समय से मायके में रह रही थी और सभी रिश्तेदार खुशी के माहौल में शादी समारोह में जा रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार ने उनकी खुशियां मातम में बदल दीं। घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लापरवाह रफ्तार की कीमत किसी की जान से चुकानी पड़ती है।
दूसरा हादसा – बहादुरगढ़ में प्राइवेट बस पलटी, 25 से अधिक यात्री घायल
रविवार शाम बहादुरगढ़ के आसौदा मोड़ पर सोनीपत से बहादुरगढ़ जा रही एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे। इस हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हुए। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब छह बजे बस तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलट गई। पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
गुरुग्राम निवासी ज्योति का कहना है कि बस चालक पूरे रास्ते गलत तरीके से बस चला रहा था। बार-बार आग्रह करने के बावजूद वह नहीं माना और आसौदा मोड़ पर उसकी लापरवाही के कारण बस पलट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस के पलटने से रोहतक–दिल्ली रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। घायलों में बहादुरगढ़, गुरुग्राम और यूपी के कई यात्री शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्राथमिक बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
-
Author1