भीषण हादसा: ट्रक में घुसी क्रेटा, हिसार-नैनीताल के दो युवकों की मौ*त, चालक फरार
जींद जिले में 152-डी नेशनल हाईवे पर ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से क्रेटा कार उसमें जा घुसी। हादसे में हिसार और नैनीताल के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ जम्मू-कटरा टोल से पहले अचानक ब्रेक, ट्रक में जा घुसी क्रेटा
■ चार दोस्त पंचकूला से दिल्ली जा रहे थे, दो की मौके पर मौत
■ पिल्लुखेड़ा थाना में BNS के तहत केस दर्ज, ट्रक चालक फरार
हरियाणा के जींद जिले में 152-डी नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जम्मू-कटरा टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले उस समय हुआ जब आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए और पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के शामली जिले के गांव कंडेला निवासी रजनीश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-16 स्थित बिग हैप्पी कंपनी में कार्यरत है। वह अपने साथियों मनमोहन निवासी सिसवाल (हिसार), कर्ण मेहरा निवासी नैनीताल (उत्तराखंड) और आकाश निवासी भैंसा (चंदौली, उत्तर प्रदेश) के साथ निजी कार्य से दिल्ली जा रहा था। चारों युवक मनमोहन की क्रेटा कार में सवार थे।
बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वे 152-डी नेशनल हाईवे पर पिल्लुखेड़ा क्षेत्र में जम्मू-कटरा टोल प्लाजा से पहले पहुंचे, तो सामने चल रहे ट्रक चालक ने बीच सड़क पर अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार में चल रही उनकी कार ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद कार बुरी तरह से पिचक गई और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए राहगीरों को मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पिल्लुखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मनमोहन और कर्ण मेहरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रजनीश और आकाश की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मनमोहन हिसार जिले के सिसवाल गांव का रहने वाला था, जबकि कर्ण मेहरा नैनीताल (उत्तराखंड) का निवासी था। दोनों के घरों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई संजीत कुमार ने अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज किए। रजनीश ने अपने बयान में आरोप लगाया कि ट्रक चालक की लापरवाही और अचानक ब्रेक लगाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारी के अनुसार ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक नंबर और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Akhil Mahajan