हिमाचल के जिभी में बड़ा हादसा, टैंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, कई पर्यटकों की मौते
कुल्लू में NH-305 पर पर्यटकों से भरी ट्रैवलर खाई में गिर गई, जिसमें 2-3 लोगों की मौत की आशंका है और कई घायल हैं
■ नेशनल हाईवे-305 पर ट्रैवलर खाई में गिरने से बड़ा हादसा
■ 2-3 लोगों की मौत की आशंका, कई घायल अस्पताल में भर्ती
■ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, प्रशासन मौके पर पहुंचा
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा नेशनल हाईवे-305 पर घीयागी से करीब 2 किलोमीटर पीछे, सोझा की ओर भ्रागे जान नामक स्थान पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 2 से 3 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रैवलर जलोड़ी दर्रा से जीभी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है और राहत-बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी प्रताप ठाकुर के अनुसार, हादसा शाम करीब 8 बजे हुआ और ट्रैवलर के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी क्षेत्र और अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें।
Akhil Mahajan