दिशा मीटिंग में सांसद सैलजा का सख्त रुख, अधिकारियों को लगाई फटकार
फतेहाबाद में दिशा बैठक के दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने चिल्ली झील, पानी और बिजली समस्याओं को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
• सांसद कुमारी सैलजा ने दिशा मीटिंग में अधिकारियों की लगाई क्लास
• चिल्ली झील की सफाई और पानी की समस्या पर जताई नाराजगी
• बिजली, पेयजल और विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से मांगा जवाब
सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा गुरुवार को फतेहाबाद में जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक लेने पहुंचीं। लघु सचिवालय स्थित डीपीआरसी हॉल में आयोजित इस बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सांसद ने कई विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट खर्च और लाभार्थियों तक पहुंच को लेकर जवाब मांगा।
मीटिंग के दौरान नगर परिषद के एमई को लेकर माहौल उस समय गर्म हो गया, जब सांसद ने चिल्ली झील की सफाई के मुद्दे पर उन्हें जमकर फटकार लगाई। सैलजा ने कहा कि हर मीटिंग में वही जवाब सुनने को मिलता है, लेकिन जमीन पर कोई काम दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि कम से कम चिल्ली झील की सफाई तो करवाई जानी चाहिए।
सांसद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आखिर सफाई करवाने के लिए बारिश का इंतजार क्यों किया जाता है। उन्होंने कहा कि झील में घास उगी हुई है और अधिकारी सिर्फ बैठकों में जवाब देकर चले जाते हैं। उन्होंने एमई से कहा कि खुद को भी सोचना चाहिए कि अगली बार पूछे जाने पर क्या जवाब देंगे। किस मुंह से आकर बार-बार वही बात कहते हैं।
जब एमई ने सफाई देने की कोशिश की तो सांसद सैलजा ने कहा कि “एक-दूसरे को टोपी पहनाना बंद कीजिए।” उन्होंने कहा कि किस विभाग की क्या जिम्मेदारी है, इसका अधिकारियों को पता होना चाहिए। लोगों की समस्याएं लगातार उनके पास पहुंच रही हैं, लेकिन अधिकारी न जनता की सुन रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधियों की।
बैठक में सांसद ने बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। इस दौरान उन्होंने DHBVN के एसई एसएस रॉय से पूछा कि “आप ऑफिस में बैठते हो ना?” इस पर एसई ने जवाब दिया कि पहले उनके पास हिसार और फतेहाबाद दोनों जिलों का चार्ज था, लेकिन अब केवल फतेहाबाद का चार्ज है और वह रोजाना कार्यालय आते हैं।
एसई ने बताया कि हर मंगलवार शिकायत निवारण समिति की बैठक में शिकायतें सुनकर समाधान किया जाता है। इसके बाद कुछ लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की बिजली समस्याएं भी सांसद के सामने रखीं। सांसद सैलजा ने अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
पब्लिक हेल्थ विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने एक्सईएन बलविंद्र नैन से कहा कि सबसे ज्यादा शिकायतें पीने के पानी को लेकर मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में कई बोरवेल खराब पड़े हैं और कई जगहों पर पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं हो रही।
इस दौरान गांव भिरड़ाना के युवकों ने भी बैठक में पानी की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बड़े गांव में केवल 40 मिनट पानी की सप्लाई हो रही है, जिसके कारण लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इस पर एक्सईएन ने गांव का निरीक्षण कर समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों के मुद्दों से लेकर सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को अगली बैठक में संबंधित कॉन्ट्रैक्टर को भी बुलाने के निर्देश दिए।
दिशा बैठक से पहले सांसद कुमारी सैलजा ने पुराने रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। मौके पर टोहाना विधायक परमवीर सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
pooja