NIT कुरुक्षेत्र में छात्र की मौत, 8 दिन में दूसरा मामला दोस्त को पहले ही दिया इशारा,
NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक छात्र प्रियांशु वर्मा की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। 8 दिन में यह दूसरा मामला है, पुलिस जांच में जुटी है।
■ NIT कुरुक्षेत्र में छात्र की मौत से हड़कंप
■ दोस्त को पहले ही दिया था इशारा, देर रात कमरे में मिला शव
■ 8 दिन में दूसरा मामला, कारणों की जांच जारी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित National Institute of Technology Kurukshetra में एक बार फिर छात्र की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र प्रियांशु वर्मा का शव देर रात हॉस्टल के कमरे में मिला। घटना ने पूरे कैंपस को झकझोर कर रख दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि यह पिछले 8 दिनों में दूसरा ऐसा मामला है।मृतक प्रियांशु वर्मा (22) सिरसा जिले के गांव शेरपुर का रहने वाला था और हॉस्टल नंबर-8 के कमरे 352 में रहता था। पुलिस के अनुसार, छात्र अपने कमरे में संदिग्ध हालात में मिला, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
प्रियांशु के दोस्त आदित्य के मुताबिक, वह पिछले करीब 10 दिनों से उसके साथ रह रहा था। 8 अप्रैल को वह परीक्षा देने के बाद उसके कमरे पर आया था, लेकिन उसने खाना खाने से मना कर दिया। रात करीब साढ़े 9 बजे उसने फोन कर कहा कि अगर वह उसके कमरे में न मिले तो उसे उसके अपने कमरे में जाकर देख लेना।इसके बाद जब आदित्य देर रात वापस लौटा, तो प्रियांशु कमरे में नहीं मिला। वह उसके कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद जब उसने पास के कमरे से झांककर देखा, तो अंदर उसका दोस्त अचेत अवस्था में मिला।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। थाना केयूके के SHO विशाल कुमार के अनुसार, परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।गौरतलब है कि इससे पहले भी 8 दिन के भीतर इसी संस्थान में एक अन्य छात्र की मौत का मामला सामने आया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
shubham