लापरवाही पर नगर परिषद XEN चार्जशीट, बिना सूचना छुट्‌टी पर गए DTP को नोटिस

रेवाड़ी में ग्रीवांस कमेटी की बैठक में मंत्री विपुल गोयल ने शिकायतें सुनीं। लापरवाही पर नगर परिषद XEN को चार्जशीट और बिना सूचना छुट्‌टी पर गए DTP को नोटिस जारी किया गया।

लापरवाही पर नगर परिषद XEN चार्जशीट, बिना सूचना छुट्‌टी पर गए DTP को नोटिस
  • ग्रीवांस कमेटी में मंत्री विपुल गोयल ने सुनीं 13 शिकायतें, 7 का मौके पर समाधान
  • लापरवाही पर नगर परिषद XEN चार्जशीट, बिना सूचना छुट्‌टी पर गए DTP को नोटिस
  • मंत्री बोले- समय पर होंगे निकाय चुनाव, गलत ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट


रेवाड़ी के बाल भवन में ग्रीवांस कमेटी की बैठक के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने जनता की शिकायतें सुनीं। बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 7 का मौके पर समाधान कर दिया गया। शेष 6 शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर नगर परिषद के XEN अंकित वशिष्ठ को चार्जशीट करने के आदेश दिए गए। सेक्टर-3 में पानी की समस्या को लेकर पूछे गए सवालों का संतोषजनक जवाब न देने पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। इससे पहले भी XEN को इसी मामले में चेतावनी दी जा चुकी थी।

ग्रीवांस कमेटी की बैठक में DTP विभाग से जुड़ी शिकायत पर भी गंभीरता दिखाई गई। DTP मंदीप सिहाग बिना किसी पूर्व सूचना के छुट्‌टी पर चले गए थे और बैठक में उपस्थित नहीं हुए। डीसी को भी इसकी जानकारी नहीं थी। मंत्री ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

मंत्री विपुल गोयल ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी ठेकेदार का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, तो उसे ब्लैकलिस्ट कर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं विकास कार्यों की निगरानी करेंगे।

निकाय चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव समय पर होंगे। सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वार्डों और पदों का ड्रॉ होते ही चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मंत्री ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप भी लगाया।

खनन से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हरियाणा और राजस्थान सरकार मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए प्रयास कर रही हैं।