रोहतक में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर और धड़ अलग मिले

रोहतक के महम क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। खेतों में उसका सिर और धड़ अलग-अलग मिले। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

रोहतक में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर और धड़ अलग मिले

रोहतक के महम में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर और धड़ अलग मिले
तेजधार हथियार से गला काटा, शरीर पर चोट और कट के निशान
खेतों में मिला शव, फसल टूटी मिली, हाथापाई की आशंका


हरियाणा के रोहतक जिले के महम क्षेत्र में एक युवक की बेहद बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां युवक का सिर और धड़ अलग-अलग खेतों में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया। युवक की पहचान मोहित के रूप में हुई है, जो शनिवार सुबह से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, महम ब्लॉक के फरमाणा गांव में शनिवार सुबह करीब 8 बजे खेतों में शव मिलने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने बताया कि मोहित सुबह से ही गायब था, जिसके बाद परिवार और गांव के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। जब खेतों में खोजबीन की गई तो फसल के बीच उसका शव पड़ा मिला, जहां सिर और धड़ अलग-अलग थे और सिर पैरों के पास पड़ा हुआ था

पुलिस और फोरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की गर्दन तेजधार हथियार से काटी गई है। शरीर पर हाथ-पैरों पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ था। वहीं, घटनास्थल के आसपास कई फीट तक फसल टूटी हुई मिली, जो इस बात की ओर इशारा करती है कि यहां हाथापाई हुई थी

इसके अलावा, शव की हालत बेहद भयावह बताई जा रही है। खोपड़ी की खाल उखड़ी हुई मिली और एक आंख भी गायब बताई जा रही है, जिससे हत्या की क्रूरता और भी स्पष्ट हो रही है। मृतक के शरीर पर जींस और जैकेट पहनी हुई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, मोहित मजदूरी करता था और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड या झगड़ा सामने नहीं आया है। परिवार उसके लिए रिश्ते देख रहा था और वह सामान्य जीवन जी रहा था। ऐसे में इस हत्या के पीछे क्या वजह है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

महम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। FSL टीम ने मौके से ब्लड सैंपल और अन्य सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा और हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।