फाग के दिन मातम: सगे भाइयों समेत 4 युवकों की दर्दनाक मौत, कार चालक पर केस
रोहतक के चुलियाना मोड़ पर कार और बाइक की टक्कर में सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई। दो की मौके पर और दो की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ चुलियाना मोड़ पर कार-बाइक की भीषण टक्कर
■ चार युवक एक ही बाइक पर सवार, दो सगे भाई शामिल
■ दो की मौके पर मौत, दो ने PGI जाते समय तोड़ा दम
हरियाणा के रोहतक जिले में फाग उत्सव के दिन एक भीषण सड़क हादसे ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। गांव चुलियाना के मोड़ पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गांव ईस्माइला 11बी निवासी सोनू पुत्र शिव नारायण, मोहन पुत्र जयनारायण, राजकुमार पुत्र जयनारायण और राजेश पुत्र समुंद्र के रूप में हुई है। चारों युवक फाग उत्सव के अवसर पर एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे चुलियाना मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने पीजीआई ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों में मोहन और राजकुमार दोनों सगे भाई थे। वहीं सोनू और राजेश गली के ही रहने वाले युवक थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। चारों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव ईस्माइला 11बी में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस दिन रंगों का त्योहार मनाया जाना था, उसी दिन चार घरों में मातम पसर गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दो शवों को मौके से कब्जे में लिया गया, जबकि दो युवकों की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवाया गया है। कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। हादसे के कारणों और कार की रफ्तार को लेकर पुलिस गहन जांच कर रही है।
Akhil Mahajan