नीट पेपर लीक पर शिमला में SFI का हल्ला बोल, कई कार्यकर्ता हिरासत में

नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिमला में SFI ने प्रदर्शन किया। मॉल रोड पर धारा 163 तोड़कर NTA भंग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई।

नीट पेपर लीक पर शिमला में SFI का हल्ला बोल, कई कार्यकर्ता हिरासत में

नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिमला में SFI का प्रदर्शन

मॉल रोड पर धारा 163 तोड़कर NTA और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, 19 जून को संसद घेराव की चेतावनी

नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को राजधानी शिमला में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मॉल रोड पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान SFI कार्यकर्ताओं ने धारा 163 का उल्लंघन करते हुए मॉल रोड पर मार्च निकाला। संगठन ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई।

SFI के नेताओं का कहना था कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल है।

प्रदर्शनकारियों ने NTA को तत्काल भंग करने की मांग करते हुए कहा कि बार-बार सामने आ रहे परीक्षा घोटाले देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि परीक्षा संचालन में जवाबदेही की कमी के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को मॉल रोड से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित रखा।

काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने कई SFI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया और मौके से रवाना किया। इसके बाद मॉल रोड पर स्थिति सामान्य हुई।

SFI के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो संगठन 19 जून को संसद के बाहर बड़ा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र और युवा इस आंदोलन में शामिल होकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करेंगे।