सोनीपत में सड़क हादसा: सब्जी लेकर मंडी जा रहे दो किसानों की मौत, पांच गंभीर
सोनीपत में नेशनल हाईवे-334 बी पर देर रात दर्दनाक हादसे में सब्जी लेकर दिल्ली जा रहे दो व्यापारियों की मौत और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंटर ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मारी, आरोपी ड्राइवर फरार है।
➤ दो की मौके पर मौत, पांच गंभीर रूप से घायल
➤ हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में नेशनल हाईवे-334 बी पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। गांव पलड़ी कलां और खेवड़ा के बीच तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सवार दो सब्जी व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा आधी रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ जब सब्जी से लदी पिकअप गाड़ी का टायर पंक्चर हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। ड्राइवर पंक्चर लगवाने के लिए पास के गांव गया हुआ था, तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने अनियंत्रित होकर गाड़ी को टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, मृतक और घायल सभी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव दोझा के रहने वाले किसान और सब्जी व्यापारी थे। वे बुधवार रात अपने गांव से सब्जी लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी जा रहे थे।
गाड़ी को ललित नाम का युवक चला रहा था। जब वाहन पलड़ी कलां और खेवड़ा के बीच पहुंचा तो टायर अचानक फट गया। ड्राइवर ललित टायर मरम्मत कराने चला गया, जबकि बाकी साथी गाड़ी में ही बैठे रहे।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा कैंटर नियंत्रण खो बैठा और सीधे खड़ी पिकअप में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे युवक बुरी तरह फंस गए।
हादसे में साकिब (18) और अक्षय (16) नामक युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रोजुद्दीन, कशिक, अरुण, आसिफ और आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सिविल अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सभी की हालत नाजुक बताते हुए PGI रोहतक रेफर कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवारों में कोहराम मच गया और हर किसी की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि हाईवे पर ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लग सके।
घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से कैंटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह लग रही है।
गांव खेवड़ा और पलड़ी कलां के ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क अक्सर ट्रकों और कंटेनरों की रफ्तार का शिकार होती है। रात में पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक पुलिस की निगरानी न होने के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हाईवे किनारे चेतावनी संकेतक, स्ट्रीट लाइट और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है।
Akhil Mahajan