करेड़ा खुर्द गांव के पास कार की टक्कर से ऑटो पलटा

यमुनानगर के करेड़ा खुर्द गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। हादसे में 7 महिलाओं समेत 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

करेड़ा खुर्द गांव के पास कार की टक्कर से ऑटो पलटा

करेड़ा खुर्द गांव के पास कार की टक्कर से ऑटो पलटा

एक ही परिवार के 10 लोग घायल, 3 महिलाओं की हालत गंभीर

रस्म क्रिया में शामिल होने अंबाला जा रहा था परिवार


कार की टक्कर से ऑटो पलटने से घायल महिला अस्पताल में उपचाराधीन। - Dainik Bhaskar

यमुनानगर के करेड़ा खुर्द गांव के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

घायलों में 7 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है।


रस्म क्रिया में शामिल होने जा रहा था परिवार

घायल ऑटो चालक अनिल ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला के गांव मंगलोई में रिश्तेदार की रस्म क्रिया में शामिल होने जा रहा था।

ऑटो में उसका भाई अमन कुमार, मनीष कुमार, पत्नी किरणा देवी, भाभी प्रकाशो, सलोचना, सोना, दर्शनी देवी, शीला देवी, कमलेश और अन्य परिजन सवार थे।

सुबह करीब साढ़े 10 बजे सभी घर से निकले थे। गांव के चौक के पास उन्हें एक और सवारी को बैठाना था।


चौक पर ऑटो रोकते ही पीछे से मारी टक्कर

अनिल के मुताबिक जैसे ही उसने ऑटो को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ऑल्टो कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और डायल 112 को सूचना दी।


हादसे के बाद फरार हुआ कार चालक

अस्पताल में उपचाराधीन दर्शनी देवी और शीला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। भीड़ जमा होने का फायदा उठाकर वह अपनी गाड़ी लेकर निकल गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और घायलों को तुरंत उपचार के लिए भर्ती कराया गया।


कई महिलाओं को गंभीर चोटें

हादसे में अनिल के सिर में चोट आई है। वहीं महिलाओं को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं।

सलोचना की बाजू पर गहरा कट लगा है। प्रकाशो की टांग में गंभीर चोट आई है। दर्शनी देवी के कंधे पर चोट लगी है, जबकि शीला देवी के घुटने और सिर में चोटें आई हैं।

डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है।


पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।