हरियाणा में सिलेंडर नहीं मिला तो एजेंसी के सामने रो पड़ी महिला, बोली-एक हफ्ते से घर में नहीं जली रसोई, बच्चों संग गुरुद्वारे में खा रहा परिवार

गैस सिलेंडर न मिलने पर एक महिला एजेंसी के सामने रो पड़ी। एक सप्ताह से घर में गैस खत्म है और परिवार को गुरुद्वारे में खाना खाना पड़ रहा है।

हरियाणा में सिलेंडर नहीं मिला तो एजेंसी के सामने रो पड़ी महिला, बोली-एक हफ्ते से घर में नहीं जली रसोई, बच्चों संग गुरुद्वारे में खा रहा परिवार

■ गैस सिलेंडर न मिलने पर एजेंसी के सामने रो पड़ी महिला
■ एक हफ्ते से घर में खत्म गैस, बच्चों संग गुरुद्वारे में खा रहा परिवार
■ पति विदेश में, अकेले बच्चों के साथ जूझ रही महिला


हरियाणा में गैस संकट के बीच एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया है। यमुनानगर में गैस सिलेंडर लेने पहुंची एक महिला को जब एजेंसी से खाली हाथ लौटा दिया गया तो वह एजेंसी के सामने ही रो पड़ी। महिला की हालत देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। कई लोगों ने उसकी परेशानी सुनी और ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन उसके सामने सबसे बड़ी चिंता अपने बच्चों की भूख थी।
रेवाड़ी के सेक्टर-4 और कैथल में गैंस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की लाइन।

महिला प्रभजोत कौर ने बताया कि उनके घर का गैस सिलेंडर करीब एक सप्ताह पहले खत्म हो चुका है। कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उसे सिलेंडर नहीं मिल पाया। घर में दो छोटे बच्चे हैं और रसोई में गैस न होने के कारण परिवार को मजबूरी में गुरुद्वारे में जाकर खाना खाना पड़ रहा है। महिला ने कहा कि बच्चों को संभालना और घर चलाना उसके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।

पति दुबई में, अकेले संभाल रही परिवार

प्रभजोत कौर के पति दुबई में काम करते हैं। ऐसे में घर की जिम्मेदारी और बच्चों की देखभाल का पूरा बोझ उसी पर है। गैस की कमी के कारण उसे रोजाना नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला का कहना है कि वह कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रही है, लेकिन हर बार उसे स्टॉक खत्म होने का हवाला देकर लौटा दिया जाता है

गैस संकट से बढ़ रही लोगों की परेशानी

प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और कई जगह लोगों को सिलेंडर के लिए कई दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आम परिवारों के लिए रसोई चलाना भी मुश्किल हो जाएगा

हिसार में कंधे पर सिलेंडर रखकर ले जाता युवक।


सिरसा के रानिया में एजेंसी पर लगी लंबी कतार और तैनात पुलिस बल।