"टेस्टिंग स्टिक" बोल गए मंत्री, अब सफाई में बदली बात

हरियाणा में बीजेपी मंत्री विपुल गोयल का ब्राह्मण समाज को "टेस्टिंग स्टिक" कहने वाला वीडियो वायरल, आलोचना के बाद खेद जताया। कांग्रेस बोली—पूरे देश का अपमान।

"टेस्टिंग स्टिक" बोल गए मंत्री, अब सफाई में बदली बात

➤ हरियाणा सरकार में मंत्री विपुल गोयल का वीडियो वायरल
➤ ब्राह्मण समाज को कहा "टेस्टिंग स्टिक", फिर दी सफाई
➤ कांग्रेस ने आरोप लगाया, ब्राह्मण समाज का अपमान


हरियाणा की राजनीति एक बार फिर विवादों में घिर गई है। कैबिनेट मंत्री एवं फरीदाबाद से बीजेपी विधायक विपुल गोयल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ब्राह्मण समाज को "टेस्टिंग स्टिक" कहते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 19 सितंबर का बताया जा रहा है। मामला तूल पकड़ते ही मंत्री ने 20 सितंबर को दूसरा वीडियो जारी कर खेद जताया और सफाई दी।

विपुल गोयल ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से एडिट कर पेश किया गया है। उनके अनुसार, ब्राह्मण समेत हर समाज उनके लिए आदरणीय है। वीडियो में हरियाणा सरकार के खाद्य मंत्री राजेश नागर भी साथ बैठे नजर आते हैं, जो इस बयान पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

मंत्री विपुल गोयल 19 सितंबर को फरीदाबाद के सेक्टर 16 में अग्रसेन जयंती कार्यक्रम का न्योता देने के लिए प्रेसवार्ता कर रहे थे। प्रेसवार्ता खत्म होने के बाद मजाकिया लहजे में उन्होंने कहा—
“ब्राह्मणों को तो भैया जिमाने को कुछ भी कर दें। कहते हैं न, टेस्टिंग स्टिक पहले इन्हें खिलाओ।”
इसके बाद वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

वायरल वीडियो के बाद सफाई

सोशल मीडिया पर 16 सेकेंड का वीडियो तेजी से फैल गया। आलोचना बढ़ी तो विपुल गोयल ने दूसरा वीडियो जारी कर कहा—

  • बातें तोड़-मरोड़कर एडिट की गईं।

  • जन्म से लेकर आज तक ब्राह्मण समाज का आशीर्वाद मिला है।

  • अगर किसी की भावनाएं आहत हुईं तो खेद प्रकट करता हूँ।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने कहा कि यह केवल फरीदाबाद ही नहीं बल्कि पूरे देश के ब्राह्मण समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि समय आने पर ब्राह्मण समाज इसका जवाब देगा।