हरियाणा में 450 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती शुरू, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 450 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की। ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, आरक्षण का लाभ केवल हरियाणा के बोनाफाइड निवासियों को मिलेगा।
- हरियाणा में 450 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
- सिर्फ हरियाणा के बोनाफाइड निवासी ही ले सकेंगे आरक्षण लाभ
- ऑनलाइन आवेदन, विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध
हरियाणा सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए 450 चिकित्सा अधिकारियों (ग्रुप-A, HCMS-I) की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इन पदों की नियुक्ति से प्रदेश के नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में इलाज की सुविधा को और सुगम बनाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण कोई भी मरीज उपचार से वंचित न रहे।
भर्ती अभियान के अंतर्गत आरक्षण नीति के अनुसार कुल 450 पदों को विभिन्न श्रेणियों में भरा जाएगा। इसमें 238 सामान्य वर्ग, 45 GSC, 45 DSC, 50 BC-A, 27 BC-B और 45 EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पद निर्धारित हैं। इसके अलावा 22 पद HSM/DESM/DFF और 18 पद दिव्यांगजन (PwBD) वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण का लाभ केवल हरियाणा के बोनाफाइड निवासियों को ही मिलेगा। इच्छुक व पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, दिशा-निर्देश और विस्तृत नोटिफिकेशन स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट haryanahealth.gov.in तथा uhsr.ac.in पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पूर्व दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
सरकार का मानना है कि नए डॉक्टरों की नियुक्ति से राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत आधार मिलेगा और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण व समय पर उपचार प्राप्त होगा।
Author1