हिमाचल प्रदेश में युवक की ह*त्या से सनसनी, चार घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के चंबा में 25 वर्षीय हरविन्द्र सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
चंबा में 25 वर्षीय युवक की हत्या से फैली दहशत
शव मिलने के बाद परिजनों ने चंबा-तीसा मार्ग पर लगाया जाम
पुलिस ने चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शिमला के बाद अब चंबा जिले में हुई एक युवक की सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार चुराह क्षेत्र के राख मलोगा गांव निवासी 25 वर्षीय हरविन्द्र सिंह का शव रविवार सुबह कल्हेल पुल के नीचे मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम होने से यातायात भी प्रभावित रहा।
लोगों के विरोध और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के महज चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
मृतक की पत्नी मंजू ने बताया कि शनिवार शाम उनकी हरविन्द्र से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। उस समय वह पूरी तरह ठीक थे और किसी प्रकार की परेशानी की बात नहीं कही थी। लेकिन अगले ही दिन सुबह उनके शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
हरविन्द्र सिंह की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि घर का कमाने वाला सदस्य खोने से उनके सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि हत्या के मकसद और पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
pooja