खाली पेट बाहर निकलने से बढ़ सकता है चक्कर और कमजोरी का खतरा
गर्मी में खाली पेट धूप में निकलना शरीर के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे थकान, चक्कर, डिहाइड्रेशन और ब्लड शुगर गिरने जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ता है।
खाली पेट धूप में निकलना शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है
थकान, चक्कर और कमजोरी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं
हल्का नाश्ता और पर्याप्त पानी गर्मी में जरूरी सुरक्षा देता है
नई दिल्ली। गर्मी के मौसम में खाली पेट घर से निकलना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। अक्सर लोग सुबह की जल्दबाजी में नाश्ता छोड़ देते हैं, लेकिन इसका असर शरीर पर तुरंत दिखाई देता है। तेज धूप और बढ़ते तापमान में यह आदत कई गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जब आप खाली पेट रहते हैं तो शरीर में ग्लूकोज का स्तर कम हो जाता है। यही ग्लूकोज शरीर और दिमाग का मुख्य ईंधन होता है। इसकी कमी से व्यक्ति को थकान, सुस्ती और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होने लगती है।
बिना नाश्ता किए बाहर निकलने पर ब्लड शुगर लेवल अचानक गिर सकता है। इसका असर तुरंत दिखता है। व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी, सिर दर्द और ध्यान की कमी जैसी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं।
गर्मी में खाली पेट रहने से डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ जाता है। शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी जल्दी होने लगती है। इससे जल्दी थकान और शरीर में कमजोरी महसूस होती है।
लंबे समय तक भूखे रहने का असर पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। इससे गैस, अपच और पेट में असहजता जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गर्मी में घर से बाहर निकलने से पहले हल्का और संतुलित नाश्ता जरूर करना चाहिए। आप केला, सेब या संतरा जैसे फल ले सकते हैं, जिनमें प्राकृतिक शुगर और पानी होता है। इसके अलावा ओट्स, अंकुरित दालें या हल्का सैंडविच भी अच्छे विकल्प हैं।
नट्स जैसे बादाम और अखरोट शरीर को ऊर्जा और प्रोटीन देते हैं। साथ ही बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी या नारियल पानी पीना बेहद जरूरी है, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
pooja