गोविंदा की आखिरी फिल्म हुई थी सुपर फ्लॉप, 19 करोड़ की फिल्म ने कमाए सिर्फ 19 लाख
गोविंदा की आखिरी फिल्म 'रंगीला राजा' साल 2019 में रिलीज हुई थी। 19 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 19 लाख रुपए ही कमा सकी।
गोविंदा की आखिरी फिल्म 'रंगीला राजा' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही
19 करोड़ के बजट वाली फिल्म ने महज 19 लाख रुपए की कमाई की
सात साल से बड़े पर्दे से दूर गोविंदा अब 'दुनियादारी' से वापसी की तैयारी में
90 के दशक में बॉलीवुड पर राज करने वाले गोविंदा पिछले कई वर्षों से बड़े पर्दे से दूर हैं। अपनी कॉमेडी, शानदार डांस और बेहतरीन अभिनय के दम पर करोड़ों दिलों पर राज करने वाले गोविंदा को आखिरी बार साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'रंगीला राजा' में देखा गया था।
दिलचस्प बात यह है कि गोविंदा के कई प्रशंसकों को उनकी इस आखिरी फिल्म के बारे में जानकारी तक नहीं है। फिल्म सिनेमाघरों में आई और कब उतर गई, इसका अंदाजा इसकी बॉक्स ऑफिस कमाई से लगाया जा सकता है।
18 जनवरी 2019 को रिलीज हुई फिल्म 'रंगीला राजा' का निर्देशन और निर्माण मशहूर फिल्म निर्माता एवं सीबीएफसी के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी ने किया था। फिल्म में गोविंदा ने विजेंद्र प्रताप सिंह का किरदार निभाया था, लेकिन यह किरदार दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सका।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का बजट करीब 19 करोड़ रुपए था, जबकि बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल कमाई केवल 19 लाख रुपए रही। यानी फिल्म अपने बजट का लगभग 1 प्रतिशत ही वसूल कर पाई। यह गोविंदा के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में गिनी जाती है।
एक समय था जब गोविंदा की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफलता की गारंटी मानी जाती थीं। हीरो नंबर 1, राजा बाबू, आंखें, दूल्हे राजा, साजन चले ससुराल, दीवाना मस्ताना, आंटी नंबर 1, पार्टनर, स्वर्ग, कुली नंबर 1 और शोला और शबनम जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सितारों में शामिल कर दिया था।
हालांकि 2000 के दशक के बाद उनका फिल्मी करियर धीरे-धीरे कमजोर पड़ता गया और नई पीढ़ी के कलाकारों के बीच उनकी मौजूदगी कम होती चली गई।
अब खबर है कि गोविंदा जल्द ही 'दुनियादारी' नाम की फिल्म से बड़े पर्दे पर वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में संजय दत्त और तब्बू जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर गोविंदा का जादू सिनेमाघरों में देखने को मिलेगा।
pooja