हरियाणा की ई-बसों में अब चलेगा स्टूडेंट पास

हरियाणा में अब लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक AC बसों में भी स्टूडेंट पास सुविधा मिलेगी। CM नायब सैनी ने पानीपत में 80 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई।

हरियाणा की ई-बसों में अब चलेगा स्टूडेंट पास

पानीपत में CM सैनी की बड़ी घोषणा, 5 जिलों को मिलीं 80 नई लो-फ्लोर AC बसें

➤ ई-बसों में भी अब मान्य होगा स्टूडेंट पास
➤ पानीपत समेत 5 जिलों को मिलीं 80 नई AC बसें
➤ सुरक्षा के लिए हर बस में 7 CCTV और SOS अलार्म


पानीपत। हरियाणा सरकार ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए राज्य की लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक AC बसों में भी स्टूडेंट पास सुविधा लागू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने वीरवार को पानीपत में नवनिर्मित ई-बस डिपो के उद्घाटन के दौरान यह घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने पानीपत, पंचकूला, सोनीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र के लिए कुल 80 नई लो-फ्लोर AC ई-बसों को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं अपने संस्थान का पास दिखाकर इन ई-बसों में सफर कर सकेंगे। अभी तक यह सुविधा केवल हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में उपलब्ध थी। सरकार की ओर से छात्राओं को मुफ्त पास और छात्रों को रियायती पास दिया जाता है।

पानीपत को मिलीं 40 नई बसें

नई लॉन्च की गई 80 बसों में से 40 बसें अकेले पानीपत को मिली हैं। इसके बाद शहर में ई-बसों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है। शहर में ई-बस डिपो और उसके आसपास के क्षेत्र को भी हरे रंग की थीम से सजाया गया है, ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके।

एक बार चार्ज होने पर 150 KM तक सफर

ये सभी ई-बसें JBM कंपनी की हैं। बसें एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर बस में 7 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक सीट के पास SOS इमरजेंसी अलार्म बटन भी दिया गया है। अगर कोई यात्री इमरजेंसी बटन दबाता है तो सबसे पहले ड्राइवर और फिर सीधे डिपो कंट्रोल रूम को अलर्ट जाएगा।

ई-डिपो के सामने पुल के नीचे पीलर पर पानीपत लोकल रूट्स के बारे में लिखा गया है।

महिला कंडक्टर भी होंगी तैनात

इन बसों के ड्राइवर कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि कंडक्टर हरियाणा रोडवेज के होंगे। इनमें दो महिला कंडक्टर सोनिया और रजनी का चयन भी किया गया है। फिलहाल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन शुरू होने तक कंडक्टर मैन्युअल टिकट काटेंगे।

10 शहरों में चल रही हैं ई-बसें

अभी हरियाणा के पानीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, रोहतक, रेवाड़ी, सोनीपत, करनाल, हिसार और पंचकूला में ई-बसें संचालित हो रही हैं। इनकी शुरुआत भी पानीपत से हुई थी, जहां तत्कालीन मुख्यमंत्री Manohar Lal Khattar ने खुद ई-बस में सफर किया था।

सरकार का लक्ष्य जून तक राज्य में ई-बसों की संख्या बढ़ाकर 155 करना है, जबकि कुल 375 ई-बसें चलाने की योजना तैयार की गई है।

प्रदूषण के खिलाफ चौथा युद्ध शुरू : महिपाल ढांडा

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री Mahipal Dhanda ने कहा कि पानीपत की धरती ने तीन ऐतिहासिक युद्ध देखे हैं और अब यहां “प्रदूषण के खिलाफ चौथा युद्ध” शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ स्वच्छ हवा देना भी सरकार की प्राथमिकता है।

किन रूटों पर चलेंगी नई बसें

  • पानीपत-शामली (वाया सनौली) – 8 बसें
  • पानीपत-गोहाना (वाया इसराना) – 6 बसें
  • पानीपत-करनाल (वाया घरौंडा) – 5 बसें
  • पानीपत-सफीदों (वाया मतलौडा) – 4 बसें
  • पानीपत-सिंधू बॉर्डर – 4 बसें
  • पानीपत-सोनीपत – 3 बसें

लोकल रूट

  • नया बस अड्डा सिवाह से टोल प्लाजा – 8 बसें
  • पानीपत-बापौली – 2 बसें
  • असंध नाका-निंबरी – 2 बसें
  • पानीपत-बरसत – 1 बस
  • असंध नाका-टोल प्लाजा – 1 bus
  • सिवाह-गढ़ी सिकंदरपुर वाया काबड़ी – 1 बस