हरियाणा के लाइनमैन सोनू सिंह KBC में बनें लखपति, अमिताभ बच्चन के सामने हुनर दिखा जीती इतनी रकम
हिसार के गांव पाबड़ा के असिस्टेंट लाइनमैन सोनू सिंह ने KBC में जीते लाखों रुपए, बाइक और सोने के सिक्के जीते। गांव में जश्न, अमिताभ बच्चन के साथ बैठने का सपना पूरा हुआ।
➤हिसार के सोनू सिंह ने KBC में जीते 5 लाख रुपए
➤अमिताभ बच्चन के सामने दिखाया हिम्मत और हुनर
➤गांव पाबड़ा में जीत की खबर से मना जश्न
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव पाबड़ा के रहने वाले असिस्टेंट लाइनमैन सोनू सिंह ने मशहूर टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में 5 लाख रुपए जीतकर पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया है। एक सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले सोनू ने अपनी मेहनत, लगन और सामान्य ज्ञान के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
सोनू सिंह को शो में 5 लाख रुपए नकद, एक बाइक और दो सोने के सिक्के मिले। जैसे ही यह खबर उनके गांव पहुंची, वहां खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाई बांटकर सोनू का स्वागत किया।
12वीं पास सोनू सिंह फिलहाल बिजली विभाग में असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं और किरमारा व कुलेरी गांवों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स में गहरी रुचि थी। यही रुचि उन्हें कौन बनेगा करोड़पति के मंच तक ले गई।
शो के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ उनकी बातचीत और उनके जीवन पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें उनके खतरनाक कार्य को दर्शाया गया।
दो साल पहले किया था पहला ऑडिशन — सोनू ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले KBC के लिए आवेदन किया था, लेकिन चयन नहीं हो पाया। उन्होंने कई बार आवेदन किए और आख़िरकार इस बार सफलता मिली। 30 और 31 अक्टूबर को दिल्ली में हुए ऑडिशन में करीब 60 हजार प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें से केवल 1500 का चयन हुआ। सोनू ने ऑनलाइन ऑडिशन के जरिए अपना रास्ता बनाया।
गरीबी के बावजूद नहीं छोड़ी उम्मीद — सोनू ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे मुंबई का टिकट भी नहीं खरीद पाए थे, लेकिन एक दोस्त ने रेल टिकट बनवाकर मदद की। वहां उन्होंने मात्र 20 सेकंड में सवालों के जवाब दिए और शो में चयनित हो गए।
27 और 28 अक्टूबर को सोनू ने KBC के मंच पर सात सवालों के सही जवाब दिए और 5 लाख रुपए, बाइक और दो सोने के सिक्के जीत लिए। हालांकि 25 लाख के सवाल पर वे चूक गए, लेकिन उनके आत्मविश्वास की सभी ने सराहना की।
सोनू ने बताया, “जब मैं हॉट सीट पर बैठा, तो ऐसा लगा जैसे मैं किसी सपने में हूं। अमिताभ बच्चन के सामने बैठना किसी सौभाग्य से कम नहीं था।”
सोनू का एपिसोड 3 और 4 नवंबर को सोनी टीवी पर प्रसारित हुआ। गांव लौटने पर ग्रामीणों और परिजनों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव के सरपंच सहित ग्रामीणों ने कहा कि सोनू ने यह साबित किया है कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
Author1