➤ महिला ASI को 33 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ कुल 35 हजार की थी डिमांड, 2 हजार पहले ले चुकी थी
➤ कार्रवाई के बाद आरोपी ASI को सस्पेंड किया गया
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अंबाला विजिलेंस की टीम ने कुरुक्षेत्र पुलिस में तैनात महिला ASI शर्मिला देवी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ASI शर्मिला देवी ने एक शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इस रकम में से वह पहले ही 2 हजार रुपए ले चुकी थी। इसके बाद जब वह शेष 33 हजार रुपए ले रही थी, तभी विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
विजिलेंस अंबाला के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि एक महिला पुलिस कर्मचारी रिश्वत मांग रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला थाना केयूके (Kurukshetra University Campus) में तैनात थी और महिला हेल्प डेस्क पर कार्य कर रही थी। शिकायतकर्ता से पैसे लेते समय उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद विभाग ने भी सख्ती दिखाते हुए ASI शर्मिला देवी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।