हरियाणा में लव जिहाद का सनसनीखेज मामला, धर्मांतरण से इनकार पर महिला को छत से फेंका
हरियाणा के नूंह जिले में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन करवाया और मारपीट की। आरोपी गिरफ्तार। पुलिस जांच में जुटी।
➤ नूंह में महिला ने पुलिस को बताया: धर्म परिवर्तन के लिए आरोपी ने छत से फेंका
➤ महिला व उसके दोनों बच्चे मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना झेलते रहे
➤ आरोपी आजम गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
हरियाणा के नूंह जिले में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि जब उन्होंने धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस को शिकायत देने का फैसला किया तो आरोपी युवक आजम ने उन्हें छत से नीचे फेंक दिया। महिला के अनुसार, इस घटना के बाद वह करीब दो महीने तक बिस्तर पर उपचाराधीन रही। महिला ने बताया कि उसका छोटा लड़का बर्तन धोकर उसके इलाज और खाने-पीने का खर्च इकट्ठा करता था। महिला और उसके दोनों नाबालिग बच्चों ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि पूजा करने के लिए घर में मंदिर और मूर्तियां लाने पर आरोपी उन्हें फेंक देता और नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाता। जब वे मना करते, तो आरोपी मारपीट करता था। तीनों ने रोते-रोते अपनी दुखभरी दास्तां बयां की। आरोप है कि आरोपी ने पहले महिला को ‘लव जिहाद’ के जाल में फंसाया और फिर धर्म परिवर्तन करवा दिया।
➤ एसपी नूंह को वॉट्सऐप पर महिला की शिकायत
मरोडा गांव की महिला ने बताया कि उसकी शिकायत एसपी नूंह को वॉट्सऐप पर भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आजम पुत्र कमरुद्दीन निवासी मालब समेत पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और आजम को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
➤ महिला की आपबीती
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 2008 में छुट्टन नामक व्यक्ति से हुई थी। छुट्टन मिस्त्री का काम करता था और दोनों नूंह में आकर मजदूरी करने लगे। लगभग 14 वर्षों से यह परिवार नूंह में रह रहा था। महिला ने बताया कि उसके पति का नशे की आदत थी और 2019 में उसने नशे की हालत में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इसके बाद महिला अपने बच्चों के साथ अकेली रहने लगी।
➤ आरोपी आजम के साथ संपर्क कैसे हुआ
महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में आजम उनसे संपर्क करने लगा। आजम ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उनका ख्याल रखेगा और धर्म परिवर्तन नहीं कराएगा। महिला और उसके बच्चे नोएडा, पानीपत और फिर भिवाड़ी राजस्थान में आजम के साथ रहने लगे। लेकिन जल्द ही आजम ने महिला को धोखा दिया। उसने घर का मंदिर और देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़ दीं और कहा कि अब वे मुस्लिम धर्म के अनुसार ही चलें।
➤ धर्मांतरण की प्रक्रिया
महिला ने आरोप लगाया कि जून 2020 में आजम ने अपने गांव से एक मौलाना को भिवाड़ी लाकर दबाव बनाकर महिला का धर्म परिवर्तन करवाया। मौलाना ने कई बार कलमा पढ़वाकर महिला को इस्लाम कबूल करवाया और नाम बदलकर ‘साइबा’ कर दिया। महिला का दावा है कि उसे जबरन बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने, आधार कार्ड में नाम बदलवाने तथा गाय का मांस बकरे का मांस बताकर खिलाने के लिए मजबूर किया गया।
➤ पति और बच्चों पर उत्पीड़न
महिला ने बताया कि एक दिन आजम उसे अपने गांव मालब ले गया, जहां उसने उसे बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो-तीन बच्चे भी हैं। इस पर आजम की पहली पत्नी जमशीदा और उसके बेटे ने महिला पर तेजधार हथियार से हमला किया। महिला नूंह लौट आई और फिर आजम ने उसे नजरबंद कर रखा। आरोपी ने उसके पैसों पर कब्जा किया, बार-बार मारपीट की और बच्चों को भी पूजा ना करने, नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाकर प्रताड़ित किया।
➤ बच्चों की काउंसलिंग और उनके बयान
बच्चों की बाल कल्याण समिति की निगरानी में काउंसलिंग करवाई गई। बच्चों ने बताया कि उन्हें मूर्ति पूजा ना करने का दबाव बनाया जाता था। यदि पूजा करते थे तो उन्हें बेरहमी से पीटा जाता था। वे अपने धर्म को छोड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन आरोपी लगातार नमाज पढ़ने और इस्लामी रीति-रिवाज अपनाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
➤ पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नूंह राजेश कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से धर्मांतरण कराने के इस मामले में हरियाणा के बनाए गए कानून के तहत पहली बार कार्रवाई की गई है। आरोपी आजम को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों से अपील की कि वे किसी भी दबाव में ना आएं और यदि कोई उनके साथ अन्याय करे तो शिकायत करें। इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।