पानीपत में HRERA की बड़ी कार्रवाई: अंसल सुशांत सिटी पर 21.76 करोड़ रुपए की पेनल्टी

पानीपत की अंसल सुशांत सिटी पर HRERA ने 21.76 करोड़ रुपए की पेनल्टी लगाई। QPR जमा न करने पर रोजाना 25 हजार रुपए अतिरिक्त जुर्माने का आदेश दिया गया।

पानीपत की अंसल सुशांत सिटी पर HRERA की बड़ी कार्रवाई
अंसल प्रॉपर्टीज पर 21.76 करोड़ रुपए की भारी पेनल्टी
QPR जमा न करने पर रोजाना 25 हजार रुपए अतिरिक्त जुर्माना



पानीपत शहर की पॉश सोसाइटी में शुमार और लंबे समय से विवादों में घिरी अंसल सुशांत सिटी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (HRERA) ने अंसल प्रॉपर्टीज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर सख्त रुख अपनाते हुए 21.76 करोड़ रुपए की संचयी पेनल्टी लगाने के आदेश दिए हैं।

HRERA ने साफ किया है कि रियल एस्टेट एक्ट की धारा-11 के तहत अनिवार्य क्वार्टरली प्रोग्रेस रिपोर्ट (QPR) जमा नहीं करने को गंभीर उल्लंघन माना गया है। अथॉरिटी ने कहा कि लापरवाह बिल्डरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

आदेश के अनुसार, जब तक अंसल बिल्डर द्वारा प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड नहीं की जाती, तब तक 25 हजार रुपए प्रतिदिन का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जाएगा। पेनल्टी की वसूली के लिए मामले को एक्जीक्यूशन ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।

पानीपत के सेक्टर 13-17 में स्थित अंसल सुशांत सिटी करीब 346 एकड़ क्षेत्र में विकसित है। यहां फेज-1 और फेज-2 में कुल 2817 प्लॉट हैं, जिनमें से 2255 पर निर्माण हो चुका है। परियोजना में 7.82 एकड़ का कमर्शियल एरिया, 115 दुकानें, 6 स्कूल और अन्य कमर्शियल साइट्स शामिल हैं।