राहुल गांधी पहुंचे हरियाणा , किसान की बेटी की शादी में होंगे शामिल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोनीपत के मदीना गांव पहुंचे हैं, जहां वे किसान संजय की बेटी की शादी में शामिल होंगे। तीन साल पहले राहुल गांधी इसी किसान के खेत में ट्रैक्टर चलाने और धान की रोपाई करने पहुंचे थे।
■ कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोनीपत के मदीना गांव पहुंचे, किसान की बेटी की शादी में होंगे शामिल
■ तीन साल पहले इसी किसान के खेत में ट्रैक्टर चलाया और धान की रोपाई की थी
■ गांव में उत्साह का माहौल, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी; स्वागत की तैयारियां तेज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को हरियाणा के सोनीपत जिले में पहुंच गए हैं। वह गोहाना क्षेत्र के मदीना गांव में एक साधारण किसान संजय की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आए हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी कुछ ही देर में विवाह समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देंगे।
यह वही किसान संजय हैं जिनके खेत में करीब तीन साल पहले राहुल गांधी अचानक पहुंचे थे। उस दौरान राहुल गांधी ने खेत में उतरकर धान की रोपाई की थी और ट्रैक्टर भी चलाया था। इसके बाद उन्होंने किसान परिवार के साथ जमीन पर बैठकर देसी रोटी, साग और छाछ का स्वाद भी लिया था। उस समय की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
अब उसी परिवार की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए राहुल गांधी का गांव आना ग्रामीणों के लिए एक खास और यादगार पल बन गया है। गांव मदीना में राहुल गांधी के आने की खबर फैलते ही उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की हैं।
राहुल गांधी के आगमन को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी रखी जा रही है।
तीन साल पहले जब राहुल गांधी मदीना गांव पहुंचे थे, तब उन्होंने किसानों की समस्याओं और खेती से जुड़े मुद्दों पर भी लंबी चर्चा की थी। उनके इस दौरे के बाद किसान संजय और उनका परिवार रातों-रात पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था।
अब एक बार फिर राहुल गांधी के गांव पहुंचने से किसान परिवार की बेटी की शादी खास बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक बड़े राष्ट्रीय नेता का गांव में आकर परिवार की खुशियों में शामिल होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल गांधी के आने से साधारण किसान की बेटी की शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और गांव में जश्न जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
shubham