IGU यूनिवर्सिटी में 2 छात्रों ने पेट्रोल छिड़ककर किया सुसाइड का प्रयास, हडकंप
रेवाड़ी की IGU यूनिवर्सिटी में पुलिस कार्रवाई के विरोध में दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रों ने SHO समेत 7 पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं।
➤ रेवाड़ी की IGU यूनिवर्सिटी में 2 छात्रों ने पेट्रोल छिड़ककर किया सुसाइड अटेम्प्ट
➤ छात्रों ने SHO समेत 7 पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए
➤ यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी हंगामा, FIR की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज
हरियाणा के रेवाड़ी स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी (IGU) मीरपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो छात्रों ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य छात्रों ने तुरंत उन्हें संभाला, जिसके बाद बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी तनाव का माहौल बन गया। छात्र नेताओं ने पुलिस पर कैंपस में घुसकर छात्रों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि धारूहेड़ा थाना पुलिस एक छात्र की शिकायत पर बुधवार दोपहर यूनिवर्सिटी पहुंची थी। शिकायत में कुछ छात्रों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।
छात्रों का क्या आरोप है?
छात्र नेता युद्धिष्ठर और विनीत ने आरोप लगाया कि धारूहेड़ा थाना के SHO कश्मीर सिंह बिना यूनिवर्सिटी प्रशासन की अनुमति के 6 पुलिसकर्मियों के साथ कैंपस में पहुंचे। जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
छात्र नेताओं का कहना है कि यूनिवर्सिटी परिसर में बिना अनुमति पुलिस की एंट्री छात्रों के अधिकारों और विश्वविद्यालय की स्वायत्तता का उल्लंघन है।
SHO समेत 7 पर FIR की मांग
घटना के बाद छात्रों ने SHO कश्मीर सिंह सहित 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन पूरे हरियाणा में फैलाया जाएगा।
विरोध के दौरान दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने क्या कहा?
SHO कश्मीर सिंह के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे यूनिवर्सिटी के फोर्थ सेमेस्टर के छात्र नितिन ने ई-मेल और फोन के जरिए शिकायत दी थी। छात्र ने कुछ युवकों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर कार्रवाई करने टीम यूनिवर्सिटी पहुंची थी। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया जा रहा था, लेकिन कुछ अन्य छात्रों ने आकर माहौल भड़काने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
DSP मौके पर पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत की और मांगपत्र लेकर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल यूनिवर्सिटी परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Akhil Mahajan