संसद में गूंजा टोल मुद्दा: दीपेंद्र हुड्डा बोले, हरियाणा पर ज्यादा बोझ
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संसद में हरियाणा के टोल प्लाजाओं पर सवाल उठाए। कहा कि प्रति व्यक्ति टोल वसूली 91.71 रुपए देश में सबसे अधिक है और टोल की दूरी नियमों के खिलाफ है।
- सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संसद में हरियाणा के टोल मुद्दे पर सरकार को घेरा
- प्रति व्यक्ति 91.71 रुपए टोल वसूली में हरियाणा नंबर वन
- दो टोल के बीच औसत दूरी सिर्फ 45 KM, नियम के विरुद्ध
रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने संसद में हरियाणा के टोल प्लाजाओं को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा टोल वसूली हरियाणा में की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या हरियाणा के साथ पक्षपात किया जा रहा है और क्यों प्रदेश को टोल के नाम पर लूट का शिकार बनाया जा रहा है।
सांसद दीपेंद्र ने सदन में बताया कि प्रति व्यक्ति टोल वसूली 91.71 रुपए है, जो कि पूरे देश में सबसे अधिक है। जबकि तुलना में गुजरात का क्षेत्रफल हरियाणा से तीन गुना अधिक होने के बावजूद वहां टोल का दबाव कम है।
उन्होंने डेटा पेश करते हुए कहा कि गुजरात में टोटल टोल 62 हैं, जबकि हरियाणा में 75 टोल प्लाजा चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटी दूरी में इतने अधिक टोल होना न केवल अव्यवहारिक है बल्कि आम लोगों की जेब पर गंभीर चोट है।
नियमानुसार नेशनल हाईवे पर दो टोल के बीच न्यूनतम दूरी 60 किलोमीटर होनी चाहिए। लेकिन सांसद ने कहा कि हरियाणा अकेला राज्य है जहां दो टोल के बीच औसत दूरी सिर्फ 45 किलोमीटर है, जो देश में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति जनता पर आर्थिक अत्याचार जैसा है और सरकार को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
सांसद दीपेंद्र ने आरोप लगाया कि हरियाणा के लोगों को टोल टैक्स के नाम पर लूटने का प्रयास किया जा रहा है और इसका जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने केंद्र से मांग की कि हरियाणा में टोल व्यवस्था की समीक्षा हो और दरों को आम नागरिकों के हित में घटाया जाए।
Author1