पजामे के नाड़े से गला दबाकर रिश्‍तेदार ने 19 साल के युवक को बेरहमी से मारा, शव पांच फीट गड्ढे में दबाया

रोहतक IMT क्षेत्र में 19 वर्षीय BA छात्र की हत्या का खुलासा। रिश्तेदार ने गला दबाकर हत्या की और 5 फीट गहरे गड्ढे में शव दफनाया। व्हाट्सएप मैसेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

पजामे के नाड़े से गला दबाकर रिश्‍तेदार ने 19 साल के युवक  को बेरहमी से मारा, शव पांच फीट गड्ढे में दबाया

29 दिसंबर से लापता BA छात्र की हत्या का खुलासा
मामा के बेटे ने गला दबाकर मार डाला, 5 फीट गड्ढे में दफनाया शव
व्हाट्सएप मैसेज भेजकर परिवार को करता रहा गुमराह, 7 दिन का रिमांड


रोहतक के IMT क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 29 दिसंबर से लापता युवक का शव 5 फीट गहरे गड्ढे से बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसके ही रिश्तेदार, मां के मामा के बेटे ने की और शव को सुनसान इलाके में दफना दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर 7 दिन के रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल शव को PGI रोहतक में रखवाया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

मृतक की पहचान झज्जर जिले के सिलानी केसो गांव निवासी यशु चाहर (19) के रूप में हुई है। वह झज्जर के नेहरू कॉलेज में BA सेकेंड ईयर का छात्र था और सेना में जाने का सपना देख रहा था। वह कॉलेज की NCC टीम का सदस्य भी था। 29 दिसंबर को वह घर से कॉलेज के लिए निकला था, जिसके बाद से वह लापता हो गया।

परिवार ने जब उसकी तलाश शुरू की तो 18 जनवरी को यशु के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाला परिवार को डरा रहा था। 26 जनवरी को फिर मैसेज कर कहा गया कि यदि यशु से बात करनी है तो मोबाइल में रिचार्ज कराएं। 15 फरवरी को आखिरी मैसेज में कुछ रिश्तेदारों के नाम लिखे गए। इन मैसेजों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने इंदरसेन नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी बाघपुर स्कूल में शिक्षक है और वह यशु की मां के मामा का बेटा है। पुलिस के अनुसार, उसे पता था कि यशु पेपर देने कॉलेज आएगा। वह उसे बहाने से अपने साथ ले गया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले यशु को नींद की गोलियां दीं और स्कूल के एक कमरे में बंद रखा। इसके बाद 5 जनवरी को पजामे के नाड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने पहले से ही रोहतक IMT के सुनसान इलाके में गड्ढा खोद रखा था, जहां शव को दफना दिया गया।

पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है। झज्जर की CIA टीम मामले की गहन जांच कर रही है। अभी तक हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

परिवार में मातम पसरा है। यशु के पिता का 2008 में निधन हो गया था। उसके बड़े भाई भारतीय सेना में हैं। परिवार को उम्मीद थी कि यशु भी सेना में भर्ती होकर पिता का सपना पूरा करेगा, लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी बेरहमी से खत्म कर दी गई।