हरियाणा कांग्रेस में पोस्टर वार : अब सैलजा ने हटाईं हुड्डा-पुत्र की फोटो

सिरसा में कांग्रेस के वोट चोरी विरोधी प्रदर्शन से पहले सैलजा के पोस्टर से भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा की फोटो हटाने पर विवाद बढ़ा। हिसार में भी ऐसा विवाद सामने आया था।

हरियाणा कांग्रेस में पोस्टर वार : अब  सैलजा ने हटाईं हुड्डा-पुत्र की फोटो


• कांग्रेस के वोट चोरी आंदोलन के बीच हरियाणा में पोस्टर राजनीति गरमाई
• सिरसा में सैलजा के पोस्टर से भूपेंद्र हुड्‌डा व दीपेंद्र हुड्‌डा की फोटो हटने पर विवाद
• हिसार में भी पहले हुआ था ऐसा विवाद, 22 नवंबर को होगी अनुशासन समिति की सुनवाई



कांग्रेस जहां पूरे देश में वोट चोरी के मुद्दे पर बड़े स्तर पर आंदोलन कर रही है, वहीं हरियाणा में पार्टी अंदरूनी पोस्टर राजनीति में उलझी नजर आ रही है। सिरसा से सांसद और कांग्रेस की नेशनल जनरल सेक्रेटरी कुमारी सैलजा ने अपने पोस्टरों से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे सांसद दीपेंद्र हुड्डा की फोटो हटा दी है।

सिरसा में बुधवार को कांग्रेस का ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ बड़ा प्रदर्शन है, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में सैलजा के पोस्टर से हुड्डा समर्थक नेतृत्व की तस्वीरों का गायब होना यहां नया विवाद खड़ा कर सकता है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि इससे हुड्डा खेमे के समर्थक वर्कर प्रदर्शन से दूरी बना सकते हैं।

सिरसा जिले में कांग्रेस के कुल तीन विधायक हैं। इनमें से भरत सिंह बेनीवाल (ऐलनाबाद) और शीशपाल केहरवाला (कालांवाली) हुड्डा समर्थक माने जाते हैं, जबकि गोकुल सेतिया (सिरसा) न्यूट्रल हैं। दिलचस्प बात यह है कि गोकुल सेतिया ने अपने पोस्टरों में किसी भी केंद्रीय या प्रदेश नेता की फोटो नहीं लगाई।

हिसार में इससे पहले ऐसा ही विवाद सामने आया था। कांग्रेस के वोट चोरी विरोधी प्रदर्शन के दौरान हिसार के तीन विधायकों—चंद्रप्रकाश, जस्सी पेटवाड़ और नरेश सेलवाल—ने अपने पोस्टरों में कुमारी सैलजा की फोटो नहीं लगाई थी। इस पर सैलजा समर्थकों ने प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र और अनुशासन समिति के चेयरमैन पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक से शिकायत की थी।

अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक ने इस शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि पोस्टर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन मामलों पर फैसला 22 नवंबर को अंबाला में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

कांग्रेस की प्रोटोकॉल सूची के अनुसार, अभियान के पोस्टरों में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, बीके हरिप्रसाद, राव नरेंद्र, भूपेंद्र हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा की फोटो लगना अनिवार्य है।

धर्मपाल मलिक का कहना है कि पार्टी एकजुटता का संदेश देना चाहती है और सभी नेताओं को प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सांसद, राष्ट्रीय पदाधिकारी या एआईसीसी सदस्यों से जुड़े मामलों में कमेटी रिपोर्ट हाईकमान को भेजती है। सैलजा से जुड़े पोस्टर विवाद की औपचारिक शिकायत अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।