धर्मशाला में गैस की किल्लत की अफवाह से मची अफरा-तफरी सिलेंडर लेने गैस एजेंसियों पर उमड़ी लोगों की भीड़
धर्मशाला में गैस की संभावित कमी की अफवाह फैलने से गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि प्रशासन और एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
■ गैस की कमी की अफवाह से धर्मशाला में सिलेंडर लेने उमड़ी भारी भीड़
■ गोदामों पर सुबह से लंबी कतारें, कई लोग घंटों इंतजार करते रहे
■ प्रशासन बोला- गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में गैस की संभावित किल्लत की अफवाह ने लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। शुक्रवार सुबह से ही शहर की गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में लोग घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। स्थिति यह हो गई कि एजेंसी के गोदामों के बाहर लंबी कतारें लग गईं और कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि मध्य पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की खबरों के बीच सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर गैस की संभावित कमी की चर्चा फैल गई। इस खबर ने लोगों में चिंता बढ़ा दी और कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर घर में अतिरिक्त गैस सिलेंडर स्टोर करने की कोशिश शुरू कर दी। इसी वजह से अचानक गैस एजेंसियों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई।
जब गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक एजेंसी के गोदामों में पहुंचे तो लोगों की भीड़ और बढ़ गई। उपभोक्ताओं को अपनी गैस कॉपी में एंट्री करवाने और सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ा। कई लोग सुबह से लाइन में खड़े नजर आए और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सिलेंडर मिल पाए।गैस एजेंसी से जुड़े लोगों का कहना है कि फिलहाल गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है
। हालांकि अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ जाने से गोदामों पर भीड़ की स्थिति बन गई। एजेंसी संचालकों और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।इस बीच किन्नौर के रिकांगपिओ में भी पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी की खबरों के चलते पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हालांकि खाद्य आपूर्ति अधिकारी धनवीर सिंह ठाकुर ने साफ किया है कि जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी तरह की जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
shubham