फरीदाबाद में 3 दुकानों में आग, लाखों का सामान जलकर राख

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में तीन दुकानों में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया।

फरीदाबाद में 3 दुकानों में आग, लाखों का सामान जलकर राख

शॉर्ट सर्किट से 3 दुकानों में भीषण आग
लाखों का सामान जलकर राख, आधे घंटे में काबू
पड़ोसी दुकानदार ने धुआं देखकर दी सूचना


फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेस कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास बनी तीन छोटी दुकानों में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस हादसे में दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, टीनशेड के नीचे बनी इन दुकानों में सुबह अचानक एक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। पास में मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए दुकान मालिकों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दुकान मालिक महेंद्र ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:15 बजे पड़ोसी दुकानदारों का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी दुकान से तेज धुआं निकल रहा है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के आसपास भारी भीड़ जमा थी और फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी।

महेंद्र ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके घर गए थे और बिजली का मेन स्विच भी बंद कर दिया था। ऐसे में आग कैसे लगी, यह उनके लिए भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है। उनकी दुकान में प्लास्टिक का सामान और स्टील के बर्तन रखे हुए थे, जो पूरी तरह जल गए।

इस आग की चपेट में पास की दो अन्य दुकानें भी आ गईं। एक दुकान में कपड़े, बर्तन और प्लास्टिक का सामान रखा था, जो काफी हद तक जल गया, जबकि तीसरी दुकान का भी कुछ सामान आग में नष्ट हो गया। तीनों दुकानदारों को इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही सारन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।