गैंगस्टर की 20 करोड़ की कोठी पर चला बुलडोजर
गुरुग्राम में गैंगस्टर रविंद्र उर्फ सरकार की 20 करोड़ की अवैध कोठी पर पुलिस ने बुलडोजर चलाया। आरोपी पर सरपंच हत्या समेत 15 संगीन मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने गैंगस्टर रविंद्र उर्फ ‘सरकार’ की आलीशान कोठी गिराई
■ सरपंच मर्डर समेत 15 संगीन मामलों में आरोपी है रविंद्र
■ 20 करोड़ की अवैध संपत्ति पर भारी पुलिस बल के बीच चला बुलडोजर
हरियाणा के गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘बुलडोजर एक्शन’ लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को गुरुग्राम पुलिस और नगर योजनाकार विभाग की संयुक्त टीम ने फर्रुखनगर क्षेत्र के गांव ताजनगर में कुख्यात गैंगस्टर रविंद्र उर्फ सरकार की आलीशान कोठी को ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक यह दो मंजिला कोठी करीब 20 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई थी और निर्माण के लिए कोई वैध अनुमति भी नहीं ली गई थी। प्रशासन ने इसे अवैध घोषित कर बुलडोजर चलाने का फैसला लिया।
हत्या, रंगदारी और अवैध वसूली के 15 केस
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि रविंद्र उर्फ सरकार लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, मारपीट, एक्सटॉर्शन और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 संगीन मामले दर्ज हैं।
साल 2011 में चर्चित महेंद्र सरपंच हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। हालांकि 2014 में वह अदालत से बरी हो गया था। इसके बाद उसने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताना शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस को लगातार उसकी अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
छह महीने तक चली जांच, फिर टूटी कोठी
पुलिस के अनुसार पिछले करीब छह महीनों से गैंगस्टर की संपत्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गांव ताजनगर में बनी उसकी भव्य कोठी पर संदेह हुआ। जांच में पाया गया कि करीब 350 वर्ग गज में बनी इस कोठी के निर्माण के लिए किसी विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी।
इसके बाद प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया। बुधवार सुबह बुलडोजर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही समय में पूरी कोठी को मलबे में बदल दिया गया।
किराएदारों को पहले ही खाली कराया गया
क्राइम ब्रांच इंचार्ज PSI लोकेश ने बताया कि कार्रवाई से पहले कोठी में रह रहे किराएदारों को नोटिस देकर मकान खाली करा लिया गया था। पुलिस नहीं चाहती थी कि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की जनहानि या विवाद की स्थिति बने।
उन्होंने कहा कि आरोपी रविंद्र उर्फ सरकार एक घोषित बदमाश है और अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पहले भी कौशल चौधरी की संपत्ति पर चला था बुलडोजर
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुग्राम पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की करीब 50 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति पर भी बुलडोजर चलाया था। कौशल पर हत्या, रंगदारी और फिरौती समेत 37 से ज्यादा केस दर्ज हैं। पुलिस अब अपराधियों की संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
pooja