हरियाणा में तीन सड़क हादसे, 5 की मौत, कई घायल
हरियाणा में कैथल, मोरनी और जींद में एक ही रात तीन सड़क हादसों में एक ही परिवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
- कैथल, मोरनी और जींद में भीषण सड़क हादसे
- एक ही परिवार सहित कुल 5 लोगों की मौत
- तेज रफ्तार, पशु और लापरवाही बनी हादसों की वजह
हरियाणा में एक ही रात के दौरान कैथल, पंचकूला और जींद से सामने आए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इन हादसों में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और व्यवस्थागत लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैथल जिले में कुरुक्षेत्र रोड पर नेशनल हाईवे-152 के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां चिरंजीव कॉलोनी निवासी 74 वर्षीय देवराज, उनकी 72 वर्षीय पत्नी उषा और 45 वर्षीय बेटे सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वैगनआर कार में शाहाबाद से इलाज करवा कर कैथल लौट रहा था। जैसे ही वे एनएच-152 के पास पहुंचे, बेसहारा पशु सामने आने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े सफेदा के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शवों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। कार में सवार चौथा व्यक्ति अमन घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरा बड़ा हादसा पंचकूला जिले के पर्यटन स्थल मोरनी में सामने आया। पंचकूला-मोरनी मार्ग पर मांधना गांव के पास पर्यटकों से भरी महिंद्रा थार गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 21 वर्षीय अभिषेक खत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि हादसा रात करीब 3 बजे हुआ, लेकिन घायलों को सुबह 8:30 बजे के बाद मदद मिल सकी। इस दौरान युवक करीब पांच घंटे तक खाई में घायल अवस्था में तड़पते रहे। घायलों में हरमिलाप नगर निवासी विवेक, मोहाली निवासी आयुष ठाकुर और ललित शामिल हैं।
तीसरा हादसा जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में एनएच-152डी पर हुआ। किलाजफरगढ़ गांव के पास दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। राजस्थान से पंजाब की ओर जा रहा ट्रक टोल प्लाजा के पास धीमा हुआ, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पीछे वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और राजस्थान निवासी ट्रक ड्राइवर द्वारिका की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में सवार क्लीनर गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे जींद के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan