INLD ने उठाया CLU कांड, राव नरेंद्र की कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति पर बवाल
हरियाणा कांग्रेस में नए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति पर INLD ने CLU कांड का मुद्दा उठाया है। रामपाल माजरा ने कहा कि कांग्रेस ने साफ छवि वाले नेता की बजाय विवादित चेहरा चुना है।
➤ INLD का हमला राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति पर उठे सवाल
➤ CLU कांड में रिश्वतखोरी और वॉयस सैंपल जांच का जिक्र
➤ रामपाल माजरा का दावा कांग्रेस ने मजबूरी में किया चुनाव
हरियाणा कांग्रेस में राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही विवाद गहराता जा रहा है। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने मंगलवार को इस पर बड़ा हमला बोला और पुराना चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) कांड सामने लाकर कांग्रेस की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए।
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि राहुल गांधी ने साफ छवि वाले और युवा नेताओं को आगे लाने की बात कही थी, लेकिन नई नियुक्तियों में इसका ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा सरकार के वक्त CLU एक उद्योग बन चुका था और इस दौरान बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ।
CLU कांड का विवाद और राव नरेंद्र पर आरोप
रामपाल माजरा ने कहा कि इनेलो ने उस समय पांच नेताओं के CLU घोटाले की सीडी जारी की थी, जिसमें राव नरेंद्र सिंह पर 30 से 50 करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का आरोप था। उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ और लोकायुक्त प्रीतमपाल ने इसकी जांच IPS अफसर वी. कामराज को सौंपी थी।
माजरा का दावा है कि इस जांच में वॉयस सैंपल भी सही पाए गए थे। फिलहाल यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सीडी से जुड़ी बातचीत को भी सार्वजनिक किया।
वाड्रा की कंपनी का जिक्र
माजरा ने सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी को भी CLU दिए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संभवतः इन्हीं कारणों से हरियाणा कांग्रेस संगठन में बदलाव किए गए हैं। जब तक इस मामले पर हाईकोर्ट से फैसला नहीं आ जाता, तब तक राव नरेंद्र सिंह को प्रदेशाध्यक्ष बनाना गलत है।
कांग्रेस पर तंज
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने "पुरानी शराब नई बोतल में डालकर" दी है। उनके अनुसार, कांग्रेस के पास और भी कई विकल्प थे जैसे कुमारी सैलजा, अशोक अरोड़ा, रणदीप सुरजेवाला, कैप्टन अजय यादव और कुलदीप शर्मा, लेकिन पार्टी ने किसी और को मौका नहीं दिया।
Akhil Mahajan