जमानत के पैसे मांगने पहुंचे युवकों पर 15-20 लोगों ने किया हमला

पानीपत के अर्जुन नगर में जमानत के पैसे मांगने पहुंचे युवकों पर 15-20 लोगों ने हमला कर दिया। गाड़ियों में तोड़फोड़ और 18 हजार रुपये नकद ले जाने का भी आरोप लगा है।

जमानत के पैसे मांगने पहुंचे युवकों पर 15-20 लोगों ने किया हमला

जमानत के पैसे मांगने पहुंचे युवकों पर 15-20 लोगों ने किया हमला

लाठी-डंडों से पिटाई कर दो गाड़ियों में की तोड़फोड़

डैशबोर्ड से 18 हजार रुपये नकद ले जाने का आरोप


पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में पैसों के लेनदेन और पुरानी रंजिश को लेकर सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंजाब में दर्ज एक मुकदमे की जमानत में खर्च हुए पैसे वापस मांगने पहुंचे युवकों पर 15 से 20 लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। इस दौरान युवकों को लाठी-डंडों से पीटा गया और उनकी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।

पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार विवाद की शुरुआत करीब दो महीने पहले हुई थी। आरोप है कि अर्जुन नगर निवासी कोकी उनके एक दोस्त को बहला-फुसलाकर पंजाब ले गया था। वहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ खरीदकर गाड़ी में रखा गया, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने दोनों को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया था।

बताया गया कि बाद में पीड़ित युवक के परिवार ने काफी रकम खर्च कर अपनी गाड़ी छुड़वाई और आरोपी कोकी की जमानत भी करवाई। इसके बाद से ही जमानत में खर्च हुए पैसे वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

शिकायत के अनुसार 12 जून को पीड़ित युवक अपने दोस्तों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर आरोपी के घर पैसे मांगने पहुंचा। उस समय कोकी घर के बाहर बैठा हुआ था। जैसे ही युवकों ने पैसे मांगे, आरोपी भड़क गया और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा।

आरोप है कि कोकी ने शोर मचाकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में 15 से 20 लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों से युवकों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की।

पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी दोनों गाड़ियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, गाड़ी के डैशबोर्ड में रखे 18 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए गए।

हमले के बाद युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बाद में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में कोकी, संजय, सदर, बाबू, सुमित, मोनू, साहिल, राहुल, गौतम, विरेन समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं।

पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।