राम रहीम की पैरोल पर भड़के छत्रपति के बेटे अंशुल
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिलने पर पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
➤ डेरा प्रमुख राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिलने पर उठा सवाल
➤ पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
➤ गवाहों और पीड़ितों की सुरक्षा हटाने का दावा, फैसले को बताया राजनीतिक-आर्थिक
सिरसा। हरियाणा में साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दिए जाने पर विवाद तेज हो गया है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने इस फैसले को लेकर हरियाणा सरकार पर कड़ा हमला बोला है।
अंशुल छत्रपति ने आरोप लगाया कि राम रहीम को पैरोल देने के बाद हरियाणा पुलिस ने पीड़ितों और गवाहों की सुरक्षा वापस ले ली है। उन्होंने कहा कि सिरसा की एक रेप पीड़िता के परिवार और उनके घर पर तैनात पुलिस सुरक्षा भी हटा दी गई है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।
अंशुल ने कहा कि एक तरफ दोषी अपराधी को पैरोल और सुरक्षा दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ पीड़ितों और गवाहों को असुरक्षित छोड़ दिया गया है। उन्होंने इस फैसले को राजनीतिक स्वार्थ और आर्थिक हितों से प्रेरित बताया। अंशुल के शब्दों में, “अब यह सिर्फ वोट बैंक का नहीं, बल्कि नोट बैंक का मामला बन गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड और साध्वियों के मामले में गवाहों की सुरक्षा हमेशा एक संवेदनशील मुद्दा रही है। ऐसे में पैरोल के दौरान सुरक्षा हटाया जाना न्याय व्यवस्था और कानून व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े करता है।
इस पूरे घटनाक्रम पर डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद गुरमीत राम रहीम ने डेरा सच्चा सौदा की संगत के लिए लाइव सत्संग किया और संदेश दिया।
Akhil Mahajan