रोहतक जाट शिक्षण संस्था में बनेगा स्किल सेंटर, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने घोषणा की
रोहतक में सर छोटूराम की 145वीं जयंती पर जयंत चौधरी और दीपेंद्र हुड्डा एक मंच पर दिखे। जयंत चौधरी ने जाट संस्था में स्किल सेंटर बनाने की घोषणा की।
रोहतक में सर छोटूराम जयंती पर जयंत चौधरी और दीपेंद्र हुड्डा एक मंच पर दिखे
रोहतक में करोड़ों की लागत से स्किल सेंटर बनाने की घोषणा
जाट शिक्षा समिति के कार्यक्रम में दिखी राजनीतिक सौहार्द की तस्वीर
रोहतक में सर छोटूराम की 145वीं जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी और लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा एक साथ पहुंचे। दोनों नेताओं ने सबसे पहले सर छोटूराम के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए, इसके बाद जाट शिक्षा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने रोहतक के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश में दो स्किल सेंटर बनाए जाएंगे, जिनमें एक उत्तर प्रदेश के बड़ौत में और दूसरा रोहतक की जाट शिक्षण संस्था परिसर में स्थापित होगा। इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसका लाभ पूरे हरियाणा के युवाओं के साथ-साथ रोहतक और जाट संस्था के छात्रों को मिलेगा।
जयंत चौधरी ने कहा कि स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दौरान वर्ल्ड इकोनॉमिक से जुड़े एमओयू साइन हुए हैं, जिससे भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से कहा कि दावोस का रास्ता भी रोहतक से होकर गुजरता है, जो इस क्षेत्र के महत्व को दर्शाता है।
अपने निजी संबंधों का जिक्र करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि बचपन में वह अपने फूफा जेपी सिंह से मिलने रोहतक आते रहे हैं, जो एमडीयू में कार्यरत थे। उन्होंने पहली बार जाट संस्था आने की बात कहते हुए सर छोटूराम और चौधरी चरण सिंह को नमन किया।
जयंत चौधरी ने कहा कि वह यहां कुछ देने नहीं, बल्कि लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास को समझना समय की जरूरत है और ताकत मिलने पर उसका सही उपयोग होना चाहिए।
वहीं, दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि जयंत चौधरी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की तीसरी पीढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि जाट संस्था में पहले चौधरी चरण सिंह और बाद में चौधरी अजीत सिंह जनसभा में आए थे और अब जयंत चौधरी भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चरण सिंह परिवार और हुड्डा परिवार के बीच पुराने और पारिवारिक संबंध रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जयंत चौधरी की दादी कुंडल गांव की थीं, जो पहले रोहतक जिले का हिस्सा था।
कार्यक्रम के दौरान जयंत चौधरी और दीपेंद्र सिंह हुड्डा मंच पर एक साथ नजर आए। दोनों नेताओं को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम में कई विधायक, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan