पहल न्यूट्रीशन के मलिक वीरेंद्र पहल से मांगी 2 करोड़ की रंगदारी
सोनीपत में पहल न्यूट्रीशन के मालिक वीरेंद्र पहल से 2 करोड़ की फिरौती और जान से मारने की धमकी, रोहित गोदारा गैंग के शूटर पर आरोप, पुलिस कार्रवाई पर सवाल।
-
पहल न्यूट्रीशन के मालिक वीरेंद्र पहल से 2 करोड़ की रंगदारी मांगी गई
-
रोहित गोदारा गैंग के शूटर महेंद्र ढीढलाना पर धमकी देने का आरोप
-
फिरौती की शिकायत के बावजूद पुलिस की चुप्पी पर सवाल
हरियाणा में एक बार फिर व्यापारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सोनीपत के रहने वाले पहल न्यूट्रीशन के मालिक वीरेंद्र पहल से बदमाशों ने 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
वीरेंद्र पहल का आरोप है कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई और कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। यह धमकी रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय शूटर महेंद्र ढीढलाना की ओर से दिए जाने का दावा किया गया है। आरोप है कि धमकी के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी गई, जिसमें साफ तौर पर फिरौती की मांग की गई।
पहल न्यूट्रीशन देशभर में फूड सप्लीमेंट का बड़ा नाम है। कंपनी के करीब 130 स्टोर अलग-अलग राज्यों में संचालित बताए जा रहे हैं। ऐसे में बड़े व्यापारी को मिली धमकी ने न सिर्फ परिवार बल्कि कारोबारी जगत में भी चिंता बढ़ा दी है।
वीरेंद्र पहल ने इस पूरे मामले की शिकायत सोनीपत पुलिस और पुलिस के आला अधिकारियों से की है। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गुहार लगाई है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से वे और उनका परिवार डरे हुए हैं।
इस मामले में शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मीडिया के कैमरों से दूरी बनाए हुए हैं। इससे हरियाणा में व्यापारियों की सुरक्षा और बढ़ती फिरौती की घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह चर्चा तेज हो गई है कि बदमाश बेखौफ होकर बड़े कारोबारियों को निशाना बना रहे हैं, जबकि पुलिस की कार्रवाई जमीन पर कमजोर दिखाई दे रही है।
Akhil Mahajan