हिसार के उकलाना में BJP समर्थक प्रदीप सोनी पर नकाबपोश युवकों ने किया हमला

Description: हिसार के उकलाना में भाजपा समर्थक प्रदीप सोनी पर नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। बचाव में चली गोली से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज खंगाल रही है।

हिसार के उकलाना में BJP समर्थक प्रदीप सोनी पर नकाबपोश युवकों ने किया हमला

■ हिसार के उकलाना में BJP समर्थक प्रदीप सोनी पर नकाबपोश युवकों ने किया हमला

■ बचाव में चली गोली, एक युवक की मौत; 5 अन्य घायल बताए जा रहे

■ घटना के बाद इलाके में तनाव, पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना मंडी में नगर पालिका चुनाव के बीच देर रात हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। भाजपा समर्थक और स्थानीय व्यापारी प्रदीप सोनी पर 5 से 6 नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, प्रदीप सोनी देर रात एसबीआई बैंक के पास स्थित एक कन्फेक्शनरी दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार होकर आए नकाबपोश युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए प्रदीप दुकान से बाहर भागे, लेकिन हमलावर उनके पीछे दौड़ पड़े।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान बचाव में प्रदीप सोनी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से आदमपुर क्षेत्र के गांव भाणा निवासी शुभम की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदीप सोनी को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

घटना में घायल युवकों की पहचान मुकेश, विवेक उर्फ जतिन, पवन, सोनू और मोनू के रूप में हुई है। अलग-अलग हिस्सों में गोली लगने के कारण सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रदीप सोनी हाल ही में भाजपा के चुनाव प्रचार में सक्रिय थे। 2 मई को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे थे। प्रदीप ने सोनी समाज के लोगों को भाजपा में शामिल भी करवाया था।

घटना की सूचना मिलते ही उकलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और चुनावी तनाव को घटना की वजह माना जा रहा है।