शादी का झांसा, शक और दरिंदगी: गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर पर छात्रा से बर्बरता का आरोप, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा ने अपने लिव-इन पार्टनर पर गंभीर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शादी का झांसा, शक और दरिंदगी: गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर पर छात्रा से बर्बरता का आरोप, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा के साथ लिव-इन पार्टनर की क्रूरता उजागर
आरोपी ने मारपीट कर जलाने और वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता की मां ने 112 पर कॉल कर बचाई जान, आरोपी गिरफ्तार


गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से हुई बर्बरता ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवम ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ गंभीर मारपीट की, उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और घटना के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। युवती की हालत गंभीर होने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच चल रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि आरोपी युवती के साथ लिव-इन में रह रहा था। दोनों की मुलाकात एक ऑनलाइन मोबाइल एप के जरिए हुई थी। युवती मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में रहकर जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी दिल्ली के नरेला का रहने वाला बताया गया है। सितंबर 2025 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मुलाकातें बढ़ीं।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उसी पीजी में रहने लगा। कुछ समय बाद आरोपी को युवती के चरित्र पर शक होने लगा और वह उसके साथ लगातार मारपीट करने लगा। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती को बुरी तरह पीटा, उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

मामले में यह भी आरोप है कि आरोपी ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे धमकाया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के हाथ-पैर और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना 18 फरवरी की रात की बताई जा रही है।

घटना की रात युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने में सफल रही और उसने अपनी मां को कॉल किया। उसने मां से अपनी स्थानीय भाषा में बात की ताकि आरोपी उनकी बातचीत समझ न सके। युवती की मां, जो त्रिपुरा पुलिस में अधिकारी हैं, ने तुरंत 112 पर कॉल कर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने शुरू में युवती को बयान देने के लिए अनफिट बताया था। इलाज के बाद उसकी विस्तृत गवाही दर्ज की गई। इसके आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता की ओर से पैरवी कर रहीं एडवोकेट रीना रॉय ने बताया कि घटना से तीन दिन पहले ही युवती ने अपने पिता को कॉल कर आशंका जताई थी और मदद की गुहार लगाई थी। परिवार के सक्रिय होने के बाद मामला तेजी से सामने आया।

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।